DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

कुंवर अनुपम सिंह जौनपुर के नए पुलिस अधीक्षक:डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर का एसएसपी बनाया गया

उत्तर प्रदेश शासन ने बुधवार देर रात बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 24 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। इस क्रम में सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह को जौनपुर का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं, जौनपुर के मौजूदा एसपी डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बनाया गया है। 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी कुंवर अनुपम सिंह इससे पहले सुल्तानपुर और अमरोहा जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे मूल रूप से प्रयागराज के निवासी हैं। कुंवर अनुपम सिंह का पारिवारिक पृष्ठभूमि सामान्य रही है। उनके पिता राधेश्याम जल संस्थान में कार्यरत थे, जबकि माता शीलादेवी अस्पताल में नर्स के पद पर तैनात थीं। स्नातकोत्तर शिक्षा के बाद उन्होंने कंप्यूटर साइंस (इन्फॉर्मेशन फाइबर ऑप्टिक्स) में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की, लेकिन निजी क्षेत्र में करियर बनाने के बजाय उन्होंने सिविल सेवा को चुना। उन्होंने वर्ष 2011 में पहली बार सिविल सेवा परीक्षा दी, जिसमें सफलता नहीं मिली। इसके बाद दिल्ली में कोचिंग लेकर 2012 में प्री और मेंस परीक्षा उत्तीर्ण की और आईपीएस के लिए चयनित हुए। हैदराबाद में प्रशिक्षण के दौरान वॉलीबॉल खेलते समय उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिससे उन्हें एक माह तक बिस्तर पर रहना पड़ा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उनकी पहली तैनाती मथुरा में सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में हुई। मथुरा में कार्यभार संभालने के महज तीन महीने बाद 2 जून 2016 को चर्चित जवाहरबाग कांड हुआ, जिसमें कुंवर अनुपम सिंह भी ऑपरेशन का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने कई पुलिसकर्मियों को गोली लगते देखा और स्वयं भी बाल-बाल बच गए। अब जौनपुर जैसे महत्वपूर्ण जिले की कमान संभालते हुए उनसे अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद की जा रही है।


https://ift.tt/ojf0iSI

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *