कानपुर देहात के अमरौधा ब्लॉक स्थित दिबैर गांव के पास सड़क किनारे खेत में एक तेंदुआ देखा गया। तेंदुए की मौजूदगी से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने उसे देखते ही सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगाई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सघन छानबीन शुरू कर दी। यह घटना अमरौधा ब्लॉक के दिबैर–मड़ैया मार्ग पर शाम के समय हुई। गांव के पूर्व प्रधान विनोद कुमार कुछ ग्रामीणों के साथ कार से लौट रहे थे, तभी उन्होंने सड़क किनारे खेत में तेंदुए को टहलते देखा। इस दृश्य को देखकर सभी ग्रामीण चौंक गए। पूर्व प्रधान ने तत्काल गांव वालों को सूचित किया और भोगनीपुर वन रेंजर स्वामीदीन को घटना की जानकारी दी। वन रेंजर स्वामीदीन ने तुरंत वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा। इस टीम में वन दरोगा रामचंद्र, वन रक्षक कल्याणी मिश्रा, सौरभ, वीरेंद्र, पिंटू और सत्यजीत शामिल थे। ग्रामीणों और वनकर्मियों की आहट सुनकर तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। हालांकि, उसकी मौजूदगी से पूरे गांव में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने अपने बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। लोग घरों से अकेले निकलने से बच रहे हैं और समूह में ही आवागमन कर रहे हैं। वन रेंजर स्वामीदीन ने बताया कि तेंदुए की तलाश के लिए टीम लगातार सक्रिय है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले बाहर न निकलें, रात में विशेष सावधानी बरतें और तेंदुआ दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें। फिलहाल, इलाके में दहशत का माहौल बरकरार है और ग्रामीण तेंदुए के पकड़े जाने का इंतजार कर रहे हैं।
https://ift.tt/vyXxJpj
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply