आगरा में स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विभाग ने सरदार पटेल पार्क स्कूल में बालिकाओं के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं परीक्षण शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर और पोषण की जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने कहा-मेडिकल कॉलेज का उद्देश्य केवल उपचार करना ही नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुँचाना भी है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और एनीमिया की रोकथाम उनके ‘स्वस्थ भारत’ अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिविर में स्त्री रोग विभाग की चिकित्सक डॉ. रुचिका गर्ग ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर की गंभीरता के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि समय पर ‘सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन’ लगवाने से इस जानलेवा बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। शिविर में उपस्थित सभी छात्राओं का हीमोग्लोबिन चेकअप किया गया और आवश्यकतानुसार आयरन की टैबलेट्स वितरित की गईं। डॉ रुचिका गर्ग ने छात्राओं को पोषण का महत्व समझाते हुए पालक, हरी सब्जियाँ और दालों जैसे आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। किशोरी स्वास्थ्य पर चर्चा करते हुए डॉ गर्ग ने पीसीओडी (PCOD) से बचाव के लिए संतुलित जीवनशैली और नियमित व्यायाम पर विशेष जोर दिया। स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सिंह ने कहा कि विभाग बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति निरंतर इस तरह के जागरूकता अभियान चलाता रहेगा। कार्यक्रम के संचालन में पायल गोयल ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
https://ift.tt/jEBQLYP
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply