लुधियाना में हौजरी कारोबारी भाइयों की कोठी में आग:पैरालाइज ग्रस्त दादी-सोते पोते की दम घुटने से मौत; 4 लोगों ने बाहर भाग जान बचाई
पंजाब के लुधियाना में बुधवार (24 सितंबर) को हौजरी कारोबारी भाईयों की 3 मंजिला कोठी में अचानक आग लग गई। आग ग्राउंड फ्लोर पर लगी, जहां धागा रखा हुआ था। जिसके बाद कोठी के ऊपर के फ्लोर और पड़ोस वाले घर में भी धुआं भर गया। जिस वक्त आग लगी तो घर के भीतर 6 लोग थे। इनमें से 4 लोगों ने किसी तरह से बाहर भागकर जान बचाई। मगर पैरालाइज की मरीज दादी और पोता अंदर ही फंस गए। उनकी दम घुटने से मौत हो गई। आग में जिस लड़के की मौत हुई, वह एनिमेशन का कोर्स कर रहा था। उसे शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। मृतक लड़के की बहन कनाडा में रहती है। वह बुधवार रात की फ्लाइट से भारत के लिए रवाना होगी। उसके लुधियाना पहुंचने पर ही अंतिम संस्कार होगा। वहीं, आग लगने की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों ने करीब साढ़े 3 घंटे के बाद आग पर काबू पाया। कारोबारी की कोठी में लगी आग के PHOTOS भारत नगर चौक के पास 3 मंजिला कोठी
जानकारी के मुताबिक हौजरी का कारोबार करने वाले सगे भाई राजन चोपड़ा और रजत चोपड़ा भारत नगर चौक के पास की गली में रहते हैं। यहां पहले उनका पुराना घर था। उन्होंने कुछ समय पहले ही नई कोठी बनाई थी। कोठी के ग्राउंड फ्लोर पर हौजरी का गोदाम बना हुआ था। फर्स्ट और सेकेंड फ्लोर पर दोनों भाई परिवार के साथ रहते थे। सुबह सवा 9 बजे आग लगी, धुआं देख पता चला
परिजनों के मुताबिक कोठी के ग्राउंड फ्लोर में आग लगी। यह आग शार्ट सर्किट से लगने की संभावना है। चूंकि वहां धागे पड़े हुए थे तो आग ने तेजी से ग्राउंड फ्लोर को चपेट में ले लिया। ग्राउंड फ्लोर पर लगी आग का धुआं पहले और दूसरे फ्लोर में भर गया। फिर धुआं बगल वाली कोठी में भी भर गया। आग के वक्त घर में 6 लोग मौजूद थे
जिस वक्त घर में आग लगी, उस वक्त 6 लोग घर पर थे। जिनमें हौजरी कारोबारी रजत चोपड़ा, उनकी पत्नी ममता चोपड़ा, राजन चोपड़ा और उनकी पत्नी रितू चोपड़ा, रजत–राजन की मां सुधा चोपड़ा और राजन का बेटा गर्व चोपड़ा घर पर थे। सब्जी वाले ने बताया तो पता चला
चश्मदीदों के मुताबिक सुबह करीब सवा 9 बजे आग लगने के बाद पहले ग्राउंड फ्लोर में आग व धुआं नजर आ रहा था। इस दौरान नीचे से गुजरते हुए दूध और सब्जी वाले ने शोर मचाया कि उनके घर के नीचे आग लग गई है। इसके बाद घर में शोर मच गया। जिसके बाद राजन, रजत, रितू और ममता तेजी से भागकर नीचे आ गए। उन्होंने आग बुझाने की भी कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। दादी को पैरालाइज था, पोता सो रहा था
पुलिस पूछताछ के मुताबिक जिस वक्त आग लगी, पोता गर्व चोपड़ा सो रहा था। इस वजह से वह तुरंत बाहर नहीं निकल सका और उसका दम घुट गया। वहीं दादी सुधा चोपड़ा को पैरालाइज होने की वजह से वह खुद घर से बाहर नहीं आ सकीं। परिवार ने दोनों को बचाने की कोशिश की लेकिन आग और धुआं इतना ज्यादा भर चुका था कि वह अंदर नहीं घुस सके। जिस वजह से दोनों की अंदर ही दम घुटने से मौत हो गई। पार्षद रुचि गुलाटी के अनुसार डीएमसी अस्पताल जाने तक लड़के और दादी की सांसें चल रहीं थी लेकिन अस्पताल ले जाते हुए उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस बोली- शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना
इस बारे में थाना डिवीजन नंबर 5 के SHO इंस्पेक्टर विक्रमजीत सिंह घुम्मण ने बताया कि आग लगने के बाद उन्होंने मौके पर इसकी जांच की। जिसमें पता चला कि कोठी के ग्राउंड फ्लोर पर धागे का कारोबार किया जाता था। शॉर्ट सर्किट होने के कारण पहले घर के इसी हिस्से में आग लगी, फिर पूरा घर आग की चपेट में आ गया। इसमें एक बुजुर्ग महिला और एक लड़के की मौत हुई है। इस मामले से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
Source: देश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply