हरियाणा में ₹2100 वाली स्कीम की एप लॉन्चिंग आज:महिलाओं की स्माइलिंग फेस फोटो क्लिक होगी; CM करेंगे लॉन्च, 200 जगह कार्यक्रम

हरियाणा सरकार की महिलाओं को 2100 रुपए दिए जाने वाली स्कीम के लिए यूज होने वाले एप का नाम सरकार ने तय कर दिया है। इस एप को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना ऐप (DDLLYP) नाम दिया है। इस एप को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को पंचकूला से लॉन्च करेंगे। एप की लॉन्चिग को भुनाने के लिए भाजपा सरकार ने प्रदेश भर में 200 जगह कार्यक्रम रखे हैं। 192 दिन पहले बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान इस योजना का ऐलान अपने संकल्प पत्र में किया था। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश की 23 से 60 वर्ष की ऐसी महिलाओं को मासिक 2100 रुपए मिलेंगे, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख रुपए तक है। परिवार पहचान पत्र (PPP) के आंकड़ों के मुताबिक आय व उम्र की शर्त के हिसाब से करीब 21 लाख महिलाएं पात्र हैं। हर महिला को हर महीने एप पर अपनी लाइवलीनेस प्रूफ देना होगा। इसके लिए एप पर आंख झपकाकर और स्माइल करके अपनी मौजूदगी दिखानी होगी। यानी एप पर स्माइलिंग फेस फोटो ही क्लिक होगी। हर महीने 415 करोड़ खर्च होंगे
हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के लिए इस बजट में पांच हजार करोड़ रुपए का बजट रखा है। हर महीने पात्र महिलाओं को करीब 415 करोड़ रुपए का शगुन उनके खातों में दिया जाना है। जिन महिलाओं को योजना के प्रथम चरण में लाभान्वित किया जाना है, इनमें विवाहित महिलाओं की संख्या 18 लाख 14 हजार 621 है, जबकि अविवाहित महिलाओं की संख्या 2 लाख 82 हजार 635 है। कुल 20 लाख 97 हजार 256 महिलाओं को योजना में शामिल किया गया है। तीन फेज में योजना होगी लागू
पहले फेज में एक लाख आय वाली महिलाओं को शामिल किया गया है। इसके तहत 20 से 21 लाख महिलाएं पात्र बन रही हैं।
दूसरा फेज, हालांकि अभी यह तय नहीं कि दूसरा फेज कब लागू होगा। लेकिन सूत्र बताते हैं कि दूसरे फेज में वार्षिक आय की सीमा 1 लाख 80 हजार रुपए तक होगी। यानी गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाले सभी परिवारों की महिलाएं शामिल होंगी।
तीसरा फेज, योजना के तीसरे चरण में आय की वार्षिक सीमा 3 लाख रुपए तक होगी। तीसरा फेज साल 2028-29 के आसपास आरंभ किया जा सकता है। तब लोकसभा और विधानसभा चुनाव में एक साल ही बचेगा। PPP के अनुसार तीन लाख रुपए वार्षिक तक आय वाले परिवारों की महिलाओं की वर्तमान संख्या 46 लाख 62 हजार हैं। गलत जानकारी नहीं होगी अपलोड
समाज कल्याण विभाग के मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के एप पर गलत जानकारी अपलोड करना संभव नहीं है। अगर किसी महिला के डॉक्यूमेंट पूरे होंगे तभी उसका रजिस्ट्रेशन हो पाएगा। अगर कोई महिला गलत जानकारी देकर रजिस्ट्रेशन करती है, तो सरकार उससे पूरा पैसा वापस वसूल लेगी। इसके अलावा हर महिला को हर महीने एप पर अपनी लाइवलीनेस प्रूफ देना होगा। इसके लिए एप पर आंख झपकाकर (ब्लिंक) और स्माइल करके अपनी मौजूदगी दिखानी होगी।

Read More

Source: देश | दैनिक भास्कर