75 साल के दूल्हे की 12 घंटे बाद मौत:जौनपुर में 35 साल की महिला से रचाई शादी; पत्नी बोली- सुबह तक फिट थे
जौनपुर में एक 75 साल के बुजुर्ग ने 35 साल की महिला से मंदिर में शादी की। शादी के 12 घंटे बाद ही बुजुर्ग की मौत हो गई। पत्नी का कहना है कि रात तक पति एकदम सही थे। सुबह अचानक उनकी गर्दन झुक गई। पत्नी ने बताया कि सोमवार को हमने पहले मंदिर में शादी की, फिर कोर्ट मैरिज की थी। रात में 1 बजे तक हमारे बीच बातचीत हुई। पति ने मुझे अपनी जायदाद देने की बात भी कही थी। मामला गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुछमुछ गांव का है। शादी की 2 तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार पढ़िए… सोमवार को सगरू राम (75) ने मनभारती (35) के साथ शादी की थी। दोनों ने मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। दोनों ने पंडितजी का आशीर्वाद लिया और घर लौट आए। इसके बाद शादी को कोर्ट में भी रजिस्टर करा दिया। रात में पत्नी और उसके 3 बच्चों को लेकर सगरू राम अपने गांव पहुंचा। बुजुर्ग की मंदिर में शादी का वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह खुशी-खुशी शादी करते दिख रहे हैं। जयमाला डालते ही वह खुद ही ताली बजाने लगते हैं। इसके बाद पत्नी की मांग में सिंदूर भरते हैं। इसी बीच वीडियो बनाने वाले कुछ लोग कहते हैं कि सही से मांग नहीं भरी। इस पर वह काफी देर तक सिंदूर लगाते हैं। शादी पूरी होने पर पत्नी उनके पैर छूती है, तो वह उसे आशीर्वाद देते हैं। 2 बेटों के साथ घर के बाहर सोए थे
गांव पहुंचने पर देर रात तक पति-पत्नी आपस में बात करते रहे। इसके बाद पत्नी बेटी को लेकर अंदर सोने चली गई। जबकि, सगरू राम 2 बेटों के साथ बाहर ही सो गए। सुबह चारपाई पर उनका शव मिला। उनकी गर्दन टेढ़ी हो गई थी। यह देखकर पड़ोसियों ने पत्नी मनभारती को बताया। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। सगरू राम की पहली शादी करीब 40 साल पहले बेलाव गांव की अनारी देवी से हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। एक साल पहले अनारी देवी की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद से सगरू राम अकेले रहते थे। करीब 2 बीघा जमीन और मकान उनके पास था। उनके भतीजे और बाकी रिश्तेदार दिल्ली में रहते हैं। गांव में उनका कोई सहारा नहीं था। इसीलिए उन्होंने 3 बच्चों की मां मनभारती से शादी रचाई थी। मनभारती की पहली शादी इमलो पांडेय पट्टी में हुई थी। पहले पति की मौत 7 साल पहले बीमारी से हो गई थी। पत्नी ने बताई पूरी कहानी… पत्नी मनभारती ने बताया- सोमवार को हमारी शादी मंदिर और कोर्ट दोनों में हुई थी। जब मैंने सगरू जी से पूछा कि इस उम्र में क्यों शादी कर रहे? तो उन्होंने कहा कि यह उनकी अपनी खुशी है। उन्होंने कहा कि उन्हें रोटी देने वाला कोई नहीं है। मैंने उन्हें बताया कि मेरे दो बेटे और एक बेटी हैं। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह हम चारों की देखभाल करेंगे। मैंने पूछा कि आप बुजुर्ग हो चुके हैं, कैसे देखभाल करेंगे? तो वह कहने लगे कि मेरे पास पैसा और जमीन दोनों है। बच्चों के नाम एक-एक लाख रुपए जमा कर देंगे। रात में उन्होंने मुझसे काफी देर तक बात की। कहा कि किसी बात की चिंता मत करना, मैं सब कुछ करूंगा। दो बेटों को लेकर घर के बाहर सोए
पत्नी ने बताया- रात में मैंने खाना बनाया। उन्होंने खाना खाया और फिर बाहर सोने चले गए। मुझसे कहा कि रोड पर घर है। तुम बेटी को लेकर अंदर सो जाओ। मैं अपनी एक बेटी के साथ अंदर सो गई। वह दोनों बेटों को लेकर बाहर सोए थे। सुबह कमरे में आए और कहने लगे कि बिट्टी उठो बहुत सुबह हो गई है। फिर मैं उठकर बर्तन धुलने लगी। इसके बाद वह 2 बाल्टी पानी लाए। हमसे काफी देर तक बात करते रहे। बर्तन उठाकर रखे। फिर जाकर चारपाई पर दोबारा लेट गए। वो चारपाई पर लेटे थे, तभी अचानक उनकी गर्दन झुक गई। गांव की एक महिला आई और कहा कि देखो उन्हें क्या हुआ है? बच्चे उन्हें उठाने लगे, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। मैं दौड़कर गई और गांव के एक युवक को फोन करके बुलाया। इसके बाद उन्हें गांव के एक डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने कहा कि ये बोल नहीं रहे, कहीं और ले जाओ। इसके बाद हम उन्हें टेंपो से लेकर सरकारी अस्पताल गए। वहां काफी देर तक लिखा-पढ़ी होती रही। बाद में डॉक्टर ने बताया कि उनकी मौत हो चुकी है। मेरे पति का परिवार और रिश्तेदार दिल्ली में रहते हैं। उन लोगों को सूचना दे दी गई है। वहीं, थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर प्रवीण यादव ने बताया कि अभी तक ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। ———————- यह खबर भी पढ़ें… यूट्यूब देखकर पादरी बनी ब्यूटी पार्लर वाली, सिर पर रूमाल रख बीमारी ठीक करने का दावा ‘बाइबल पढ़ो सारी बीमारियां खत्म हो जाएंगी। तुमने जितना भी कष्ट अपनी जिंदगी में झेला है। एक ही झटके में खत्म हो जाएगा। एक नए जीवन का एहसास करोगे। ऊपर वाले ने एक ही जीवन दिया है। इसलिए अपनी झोली में कष्ट नहीं, सुख डालो। यह सब तुम तब कर पाओगे, जब सच्चे ईश्वर को समझ पाओगे…।’ कुछ इस तरह गोरखपुर में धर्मांतरण का बड़ा खेल चल रहा था। यहां के सहजनवां क्षेत्र स्थित एक घर में गरीब परिवार की महिलाओं और पुरुषों का ब्रेनवॉश किया जा रहा था। पढ़ें पूरी खबर…
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/hgQTd08
Leave a Reply