सिद्धू मूसेवाला के पिता विधानसभा चुनाव लड़ेंगे:​​​​​​​बलकौर बोले– किसी बात का वहम न रखना, जीतेंगे; सिंगर इलेक्शन हारे थे, उसके बाद मर्डर हुआ

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मानसा में एक कार्यक्रम में कहा कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। बलकौर सिंह ने कहा– हम इलेक्शन लड़ेंगे और जीत प्राप्त करेंगे। मुझे आपका साथ चाहिए। किसी बात का वहम न रखना, हम डटकर इलेक्शन लड़ेंगे। हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं है कि वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे लेकिन पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से करीबी के चलते उन्हें कांग्रेस की टिकट मिल सकती है। इससे पहले लोकसभा चुनाव में भी उनके बठिंडा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएं थीं लेकिन बलकौर ने इससे इनकार कर दिया। बलकौर सिंह ने आगे कहा– सिद्धू का सपना विधानसभा की सीढ़ियां चढ़ने का था। अब हम सिद्धू की तस्वीर को दिल में बसाकर विधानसभा की सीढ़ी चढ़ेंगे। उन्होंने ये भी कहा कि अगली लड़ाई बहुत बड़ी है लेकिन हम ये लड़ाई लड़ेंगे। 2022 में गायक शुभदीप मूसेवाला ने लड़ा था कांग्रेस से चुनाव
बलकौर सिंह के बेटे पंजाबी गायक और कांग्रेस उम्मीदवार शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला ने 2022 में मानसा से चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। सिद्धू मूसेवाला को आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार डॉ. विजय सिंगला ने 63,323 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। डॉक्टर विजय सिंगला को एक लाख से ज्यादा (100023) वोट मिले थे। वहीं सिद्धू को 36700 वोट ही मिले थे। सिद्धू मूसेवाला ने 2021 में कांग्रेस पार्टी जॉइन की थी। उस समय पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने उन्हें युवाओं का आइकॉन बताया था। सिद्धू मूसेवाला मानसा जिले के मूसा गांव से ताल्लुक रखते हैं और उनकी मां गांव की सरपंच रही है।

Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/jHtqdob