ताई का हत्यारा भतीजा अपने बयानों से फंसा:पानीपत पुलिस को बताया-ऊंची दीवार से कूदा बदमाश; CCTV में कोई नहीं दिखा, झगड़े की बात सामने आई
हरियाणा में पानीपत के नगला आर गांव में भतीजा रितिक ही ताई सुखदेई का हत्यारा निकला। उसने पुलिस के सामने दावा किया एक नकाबपोश बदमाश ने उसकी ताई पर हमला किया और लूटपाट की। पुलिस जैसे-जैसे आगे पूछताछ करती गई रितिक के बयान पर शक होता चला गया। सबसे पहले, उसने कहा कि बदमाश एक ऊंची दीवार फांदकर भागा, लेकिन दीवार पर कोई निशान नहीं थे और उस पर चढ़ना भी मुश्किल था। दूसरे, गांव के किसी भी सीसीटीवी कैमरे में कोई संदिग्ध नहीं दिखा। तीसरे, रितिक के हाथ पर लगे चाकू के निशान भी खुद से लगाए हुए प्रतीत हुए। पुलिस के सामने यह बात भी आई कि रितिक का 10 दिन पहले अपनी ताई के परिवार से झगड़ा हुआ था। उसकी आर्थिक स्थिति भी कमजोर थी। इन सभी तथ्यों ने रितिक पर शक की सुई घुमा दी, जिससे आखिर में वह पुलिस जांच में फंस गया। अभी पुलिस ने यह खुलासा नहीं किया है कि रितिक ने ताई सुखदेई की हत्या क्यों की है। पुलिस आज इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा कर सकती है। पांचों पॉइंट में पढ़िए, जिनसे पकड़ में आया आरोपी रितिक 1. प्रत्यक्षदर्शी बना, फिर बयानों में उलझा
वारदात की सूचना सबसे पहले रितिक ने ही सभी को दी। उसने सभी को बताया कि एक काला रुमाल मुंह पर बांधे हुआ नकाबपोश घर में घुसा था। उसने ताई को कई बार चाकू मारे। इतना ही नहीं, वह ताई की बाली भी लूट ले गया। उसने आरोपी का मुकाबला भी किया, लेकिन वह उसके हाथ पर चाकू मारकर फरार हो गया। पुलिस ने इस कहानी को बार-बार रितिक से पूछा। तीसरी बार उसकी कहानी में बदलाव शुरू हो गया था। वह लगातार बयान बदलने लगा, जिससे उस पर शक गहराता चला गया। 2. पत्थर की 7 फुट ऊंची दीवार की कहानी ने फंसाया
रितिक ने पुलिस को बताया कि बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया और घर की दीवार फांदकर भाग निकला। उसने भी दीवार फांद कर बदमाश का पीछा किया। पुलिस ने जब इस दीवार को काफी गौर से देखा तो वहां कोई हाथ-पैर के निशान नहीं मिले। इतना ही नहीं, 7 फीट की इस दीवार पर चढ़ना भी आसान नहीं था, क्योंकि ये दीवार प्लेन थी। कही पर भी ग्रिप नहीं बन सकती थी। 3. गांव के किसी भी सीसीटीवी में नहीं दिखा कोई संदिग्ध
पुलिस ने रितिक के बयानों के आधार पर घर से लेकर गांव के कई हिस्सों तक के सीसीटीवी कैमरे चेक किए, लेकिन कोई भी संदिग्ध गांव के किसी भी सीसीटीवी कैमरे में दिखाई नहीं दिया। इतना ही नहीं, किसी संदिग्ध को भी गांव में किसी भी ग्रामीण ने आता-जाता नहीं देखा था। यहां तक कि रितिक को भी पीछा करते हुए किसी ने नहीं देखा। 4. हाथ पर लगे चाकू भी खुद के मारे हुए दिखाई दिए
रितिक ने कहानी बनाई थी कि बदमाश से जब वह भिड़ा, तो वह उसके हाथ पर चाकू मार कर भाग निकला था। पुलिस और डॉक्टरों की टीम ने जब इन निशान को गौर से देखा, तो सामने आया कि ये चोट किसी दूसरे के द्वारा मारी हुई नहीं है। ये कट के निशान खुद के मारे हुए थे। इसके बाद उससे सख्ती से पूछा, तो उसने सच बोलना शुरू कर दिया। 5. 10 दिन पहले हुआ था ताई से झगड़ा
पुलिस जांच में सामने आया कि रितिक के परिवार का 10 दिन पहले ही ताई सुखदेई के परिवार के साथ झगड़ा हुआ था। इतना ही नहीं, रितिक के परिवार की आर्थिक स्थिति ताई के परिवार से काफी कमजोर थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि लूटपाट के इरादे से भी हत्या की गई होगी। महिला के देवर की घटना के बाद की 3 बातें… SP बोले- 45 मिनट में आरोपी गिरफ्तार किया
पानीपत के SP भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वारदात के 45 मिनट के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि महिला के देवर का बेटा रितिक ही है। रितिक ने हत्या के बाद बाकी परिजनों को बताया कि कोई नकाबपोश आया था, जिससे उसका सामना भी हुआ। मामला लूट के इरादे से हत्या का लगे, इसके लिए आरोपी ने हत्या के बाद महिला के एक कान से बाली खींच ली और बाथरूम की खिड़की में छिपा दी। पुलिस ने उसे बरामद कर लिया है। हत्या के कारणों का खुलासा अभी नहीं हुआ है। —————————– ये खबर भी पढ़ें भतीजा ही निकला ताई का हत्यारा:पानीपत में चाकू मारकर लूट की कहानी बनाई, शक न हो, इसलिए कान की बाली छिपाई हरियाणा के पानीपत में शनिवार को भतीजे ने अपनी ताई की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने कहानी बनाई की लूट करने आए काला कपड़ा ढके युवक ने ताई पर हमला किया। जब उसे पकड़ने लगा तो वह मुझे चाकू मारकर फरार हो गया। (पूरी खबर पढ़ें)
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/sSvNETU
Leave a Reply