हाथरस पुलिस ने VDO की नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगी करने वाले एक आरोपी को आज शाम आगरा से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। यह मामला धर्मेंद्र सिंह पुत्र सत्यदेव निवासी नगला देवा, पोस्ट बेदई, थाना सादाबाद की शिकायत के बाद सामने आया। धर्मेंद्र ने बताया कि उसने और उसके चार साथियों ने वर्ष 2018 में VDO का फॉर्म भरा था। अभियुक्तों ने खुद को सचिवालय और उत्तर प्रदेश सहायक विकास अधिकारी के चेयरमैन व स्टेनोग्राफर बताकर परीक्षा से पहले प्रति व्यक्ति 20 लाख रुपये सिक्योरिटी के तौर पर जमा कराने को कहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार, पांच लोगों ने पैसे दिए थे। जब उन्होंने परिणाम के बाद पैसे वापस मांगे, तो 5 जनवरी 2024 को धर्मेंद्र कुमार को एक फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया। जांच करने पर यह नियुक्ति पत्र कूटरचित पाया गया। वादी के प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना सादाबाद में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। थाना सादाबाद पुलिस और आगरा पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर कुबेरपुर, जनपद आगरा से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार पुत्र ज्वालाप्रसाद निवासी कुबेरपुर, थाना एत्मादपुर, जनपद आगरा के रूप में हुई है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के संबंध में थाना सादाबाद पर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply