UPPSC कंप्यूटर शिक्षक भर्ती:60% ने छोड़ी परीक्षा, 12 हजार में से मात्र 5269 अभ्यर्थी ही केंद्र पहुंचे
![]()
UPPSC कंप्यूटर शिक्षक भर्ती:60% ने छोड़ी परीक्षा, 12 हजार में से मात्र 5269 अभ्यर्थी ही केंद्र पहुंचे
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा रविवार को आयोजित सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) कंप्यूटर विषय की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। वर्ष 2025 की इस भर्ती प्रक्रिया के तहत परीक्षा रविवार को 29 केंद्रों पर सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की गई। परीक्षा देने के बाद केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरे पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखी गई। जहां कंप्यूटर के तकनीकी सवालों ने परीक्षार्थियों को बड़ी राहत दी, वहीं सामान्य अध्ययन (GS) के कठिन प्रश्नों ने उन्हें काफी उलझाया। रविवार को हुई इस परीक्षा के आंकड़े काफी चौंकाने वाले रहे। कुल 12,935 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से केवल 5,269 ही केंद्रों पर पहुंचे, जबकि 7,666 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। यानी उपस्थिति का प्रतिशत लगभग 41% रहा। आधे से अधिक उम्मीदवारों की अनुपस्थिति ने परीक्षा के माहौल को थोड़ी धीमी गति वाला बनाया, लेकिन उपस्थित अभ्यर्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। कंप्यूटर में पकड़ मजबूत, GS ने बिगाड़ा खेल रावतपुर स्थित श्री राम लाल इंटर कॉलेज केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का समग्र स्तर ‘आसान से मध्यम’ रहा। अभ्यर्थियों के अनुसार, कंप्यूटर विषय के तकनीकी सवाल सीधे और पाठ्यक्रम आधारित थे, जिससे गहराई से तैयारी करने वालों को फायदा मिला। हालांकि, सामान्य अध्ययन का खंड उम्मीद से कहीं अधिक कठिन रहा। परीक्षार्थियों का कहना है कि GS के सवाल उच्च स्तर के थे, जिससे पूरे पेपर का संतुलन चुनौतीपूर्ण हो गया। कई अभ्यर्थियों के अनुसार, GS के कठिन सवालों की वजह से मेरिट की गणना प्रभावित हो सकती है। दिल्ली से परीक्षा देने कानपुर पहुंचीं सृष्टि भर्ती को लेकर युवाओं में उत्साह का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि औरैया की रहने वाली सृष्टि विशेष रूप से दिल्ली से परीक्षा देने कानपुर पहुंचीं। दिल्ली में नौकरी कर रहीं सृष्टि ने बताया कि उन्होंने काम के साथ-साथ इस परीक्षा की तैयारी की थी। सृष्टि ने कहा कि पेपर में कंप्यूटर विषय के तकनीकी सवालों ने मदद की, लेकिन GS के कठिन सवालों के कारण थोड़ा दबाव भी महसूस हुआ, क्योंकि उन पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा सका था। शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई परीक्षा आयोग द्वारा परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। केंद्रों पर सुबह से ही सघन जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद अब परीक्षार्थियों को आयोग द्वारा जारी की जाने वाली आधिकारिक उत्तर कुंजी का इंतजार है, ताकि वे अपने प्रदर्शन का सही मूल्यांकन कर सकें।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
