DniNews.Live

STEMI प्रोग्राम के तहत मेडिकल कॉलेज में 2 दिवसीय प्रशिक्षण:11 जिलों के 184 स्वास्थ्यकर्मियों को मिली जीवनरक्षक ट्रेनिंग

हार्ट अटैक के मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 व 28 मार्च 2026 को लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज, मेरठ में STEMI (ST-Elevation Myocardial Infarction) प्रोग्राम के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, लखनऊ की डॉ. रंजना खरे ने की। इस दौरान अपर निदेशक एवं नोडल स्टेमी केयर कार्यक्रम डॉ. कमलेश यादव, मेरठ मंडल की अपर निदेशक डॉ. सीमा अग्रवाल, मंडलीय अपर निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुधा सुमन, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश चंद्र गुप्ता, सीएमओ मेरठ डॉ. अशोक कटारिया और कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. धीरज कुमार सोनी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जनपद मेरठ की नोडल अधिकारी डॉ. पूजा शर्मा, डॉ. अन्तेश कुमार वर्मा और डॉ. रक्षित चौधरी ने किया। वहीं कार्डियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों—डॉ. राहुल गुप्ता, डॉ. सुमंग मोहन और डॉ. सायर अहमद—ने प्रतिभागियों को ईसीजी पढ़ने, सीपीआर देने, हार्ट अटैक के लक्षण पहचानने और तत्काल उपचार प्रदान करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण में तीन मंडलों के 11 जनपदों से आए 184 प्रतिभागियों—चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और लैब तकनीशियनों—ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने बताया कि STEMI प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक हार्ट अटैक के मरीजों को “गोल्डन ऑवर” में उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि मृत्यु दर को कम किया जा सके। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के प्रशिक्षण से प्रदेश में हृदय रोगियों के उपचार की गुणवत्ता में सुधार होगा और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *