लोक निर्माण विभाग (PWD) नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश का प्रांतीय द्विवर्षीय अधिवेशन एवं चुनाव कार्यक्रम रविवार को लखनऊ स्थित विश्वेसरैया प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। अधिवेशन में संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष पद पर भारत सिंह यादव को लगातार 14वीं बार निर्विरोध चुना गया। इस मौके पर प्रयागराज और आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यक्रम में पहुंचे। प्रांतीय महामंत्री पद पर वशिष्ठ तिवारी पहली बार निर्वाचित हुए, जबकि निवर्तमान महामंत्री शैलेन्द्र कुमार शुक्ला को प्रांतीय संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रयागराज मंडल से प्रतापगढ़ के अध्यक्ष करुणेश प्रताप सिंह को प्रांतीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया। 51 किलो की माला पहनाकर किया स्वागत अधिवेशन के दौरान नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। प्रयागराज मंडल के अध्यक्ष रविशंकर मिश्र, मंडल मंत्री धर्मराज यादव, फतेहपुर के जनपद अध्यक्ष मनोज कुमार सैनी, प्रयागराज के जनपद अध्यक्ष फूलचंद यादव, कौशाम्बी के जनपद अध्यक्ष राम सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने 51 किलो की माला पहनाकर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राम अचल पाल (जनपद मंत्री, प्रयागराज), प्रमोद मिश्रा (प्रतापगढ़), बेनी प्रसाद मौर्य (कौशाम्बी) और मंडल कोषाध्यक्ष रामप्रताप यादव समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी नेता मौजूद रहे। समस्याओं पर संयुक्त मोर्चे की जरूरत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष भारत सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रांतीय स्तर पर संयुक्त मोर्चा बनाना समय की मांग है। उन्होंने सभी कर्मचारी संगठनों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली और रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर बड़े आंदोलन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1986, 1996 और 2011 की तरह ही व्यापक आंदोलन खड़ा करने की जरूरत है, ताकि कर्मचारियों की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंच सके। “कर्मचारी विकास की रीढ़, फिर भी उपेक्षित” भारत सिंह यादव ने कहा कि कर्मचारी देश के विकास की रीढ़ हैं, लेकिन आज वही अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन कर्मचारियों के हितों के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।

Leave a Reply