PQRS तकनीक से प्रयागराज मंडल का कमाल:6.5 घंटे में ट्रैक नवीनीकरण कर बनाया नया रिकॉर्ड, 64 पैनल बिछाए
![]()
PQRS तकनीक से प्रयागराज मंडल का कमाल:6.5 घंटे में ट्रैक नवीनीकरण कर बनाया नया रिकॉर्ड, 64 पैनल बिछाए
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने आधुनिक पीक्यूआरएस (Plasser’s Quick Relaying System) तकनीक का उपयोग कर ट्रैक नवीनीकरण में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने सीमित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा कर रेलवे परिचालन में दक्षता का प्रदर्शन किया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (प्रथम) अरुण कुमार के मार्गदर्शन में रविवार को यह अभियान संपन्न हुआ। पंडित दीन दयाल उपाध्याय–प्रयागराज खंड के डाउन मेन लाइन (ग्रुप ‘A’ मार्ग) पर करछना–भीरपुर (KCN–BEP) ब्लॉक सेक्शन में 6.5 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक में 64 पैनल, यानी लगभग 0.806 किलोमीटर ट्रैक का नवीनीकरण किया गया। इस उपलब्धि के साथ प्रयागराज मंडल ने उत्तर मध्य रेलवे में पहले के 56 पैनलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह कार्य तेजी के साथ-साथ पूरी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरा किया गया। पीक्यूआरएस तकनीक ट्रैक बिछाने की प्रक्रिया को तेज, सुरक्षित और प्रभावी बनाती है। इसके उपयोग से ट्रेनों के संचालन पर न्यूनतम असर पड़ता है, जबकि ट्रैक की गुणवत्ता, ट्रेनों की गति और सुरक्षा में वृद्धि होती है। यह तकनीक स्वचालित क्रेनों पर आधारित है, जिससे ट्रैक नवीनीकरण अधिक दक्ष और लागत प्रभावी होता है। इस अभियान में Railtech Infra Venture के सहयोग से सुपरवाइजर सुधीर कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसे सभी विभागों के समन्वय, समर्पण और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के उच्च-उत्पादन कार्य उत्तर मध्य रेलवे की आधुनिक तकनीकों को अपनाने और बेहतर रखरखाव प्रणाली विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
