संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली एसपी साउथ अंशिका वर्मा की सगाई गुरुवार रात 9:30 बजे संभल में संपन्न हुई। यह कार्यक्रम रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया गया, जो रात 11 बजे तक चला। इसमें दोनों अधिकारियों के परिवार के सदस्यों के साथ-साथ डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और पश्चिमी यूपी से लेकर लखनऊ तक के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। दोनों आईपीएस अधिकारियों की शादी के शेष कार्यक्रम राजस्थान में आयोजित किए जाएंगे। 27 मार्च को बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना में हल्दी-संगीत समारोह होगा। इसके बाद 28 मार्च को बारात सभा और 29 मार्च को शादी होगी। 30 मार्च को जोधपुर के लारिया रिजॉर्ट में रिसेप्शन रखा गया है। इन आयोजनों में उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी शिरकत करेंगे। आईपीएस अंशिका वर्मा (30 वर्षीय) और आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई (32 वर्षीय) की पहली मुलाकात 2023 में गोरखपुर में पोस्टिंग के दौरान हुई थी। उस समय बिश्नोई गोरखपुर में एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि अंशिका अंडर ट्रेनिंग आईपीएस अधिकारी थीं। यहीं से दोनों के बीच प्रेम कहानी की शुरुआत हुई और अब वे विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। कृष्ण कुमार बिश्नोई उत्तर प्रदेश कैडर के 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमना गांव के निवासी हैं और वर्तमान में संभल में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं, जो बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं, वह प्रयागराज के सिविल लाइन इलाके की रहने वाली हैं। इससे पहले, दोनों अधिकारी सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी चर्चा में रहे हैं। बरेली में आईपीएस अंशिका वर्मा को ‘लंदन ठुमकदा’ गाने पर काला चश्मा पहनकर डांस करते देखा गया था। वहीं, संभल में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई फिल्म ‘धुरंधर’ के रहमान डकैत स्टाइल में शिकारियों वाली हैट पहनकर खुली जिप्सी से ‘फसला’ गाने पर पुलिस लाइन में एंट्री करते हुए नजर आए थे।

Leave a Reply