भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना में भारतीय रेलवे के अधिकारियों के लिए आयोजित दो-सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘वंदे भारत ट्रेनसेट्स एवं उच्च वोल्टेज प्रणालियों की विद्युत सुरक्षा’ था। दीक्षांत समारोह संस्थान के प्रशासनिक भवन स्थित बोर्ड कक्ष में आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण एफआईएसटी, आईआईटी पटना द्वारा रेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया था। इसका उद्देश्य रेलवे अधिकारियों को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की उन्नत विद्युत प्रणाली और उच्च वोल्टेज सुरक्षा के बारे में व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी प्रदान करना था। समारोह में एफआईएसटी के अध्यक्ष एवं आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी. एन. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि तेज गति से चलने वाली ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए मजबूत विद्युत सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों, परिचालन प्रक्रियाओं, अनुरक्षण प्रणालियों और केस स्टडी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अनुसंधान एवं विकास के अधिष्ठाता डॉ. अनुप कुमार केशरी ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अकादमिक संस्थानों और रेलवे के बीच समन्वय को मजबूत करते हैं। इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट ऑफ मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (IRIMEE) के प्रो. प्रेम प्रकाश और प्रो. सिद्धार्थ शंकर ने भी कार्यक्रम की सराहना की। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। धन्यवाद ज्ञापन के साथ दो-सप्ताह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
https://ift.tt/sBUc8Ee
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply