हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) में जूनियर व सीनियर छात्रों के बीच हुई मारपीट में प्राक्टोरियल बोर्ड की जांच जारी है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम 40 से अधिक छात्रों से पूछताछ कर चुकी हैं। इसके अलावा हास्टल व कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में दोषी मिले 23 छात्रों पर विवि प्रशासन ने यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित होने वाले सभी आयोजनों में प्रतिभाग पर बैन लगा दिया गया है। वीसी प्रो. समशेर ने कहा कि जांच में दोषी मिले छात्रों पर एक सेमेस्टर के निलंबन या जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।
गुरुदेव चौराहे व हॉस्टल में हुआ विवाद एचबीटीयू में वार्षिकोत्सव अध्याय-26 के दौरान रविवार रात जूनियर व सीनियर छात्र आपस में टकरा गए। आरोप है कि विवाद के दौरान जूनियर छात्रों ने सीनियर पर हाकी चला दी, जिसमें दो छात्रों के सिर फटे हैं। करीब दो घंटे तक छात्रों में टकराव की स्थिति बनी रही। कभी गुरुदेव चौराहे पर मारपीट हुई तो कभी हॉस्टल तो कभी वेस्ट कैम्पस में हाकी चली। तीन दिन में वीसी को सौंपी जाएगी रिपोर्ट घटना की जानकारी मिलते ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने जांच शुरू कर दी है। बोर्ड ने अंतिम वर्ष के 13 छात्र, द्वितीय वर्ष के सात छात्र और तृतीय वर्ष के तीन छात्रों को प्रथम दृष्ट्या चिह्नित किया है। डीएसडब्ल्यू व चीफ प्रॉक्टर डॉ. सीएल गहलोत ने बताया कि छात्रों में मारपीट के मामले की जांच चल रही है। लगातार छात्रों से पूछताछ की जा रही है। हास्टल और कैम्पस में लगे कैमरों से भी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तीन दिन में जांच रिपोर्ट तैयार वीसी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर दोषी छात्रों पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply