जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के निर्माण कार्यों तथा डूडा (शहरी विकास अभिकरण) के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नगर पालिका परिषद भरवारी में निर्माण कार्य लंबित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने और उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद भरवारी के अवर अभियंता को हटाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर को भरवारी के निर्माण कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करने के लिए कहा। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने दारानगर, चरवा और पश्चिम शरीरा के अधिशासी अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल, शौचालय और टाइलीकरण जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। इसके साथ ही, विद्यालयों में प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने और नगर निकायों में साफ-सफाई कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने 15वें वित्त आयोग, वंदन योजना, नगरोदय योजना तथा सीवरेज व जल निकासी योजना के तहत निकायवार कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। डूडा के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी आकाश सिंह को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अधूरे आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply