![]()
DGM सुधीर के परिजन DM-SSP से मिले:HPCL कांड में निष्पक्ष जांच की मांग, CO बोले- कोई भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा
बदायूं में एचपीसीएल कांड में जान गंवाने वाले डीजीएम सुधीर गुप्ता के परिजनों ने जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से मुलाकात की। परिजनों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और घटना के मुख्य कारणों का पता लगाने की मांग की। परिवार के सदस्यों ने पहले एसएसपी के आवास पर उनसे भेंट की, जहां सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय भी मौजूद थे। परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए सवाल उठाया कि आखिर सिस्टम में ऐसी क्या चूक हुई, जिससे आरोपी इतने उग्र हो गए और उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रहा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चूंकि यह मामला सत्ताधारी दल के विधायक से जुड़ा है, इसलिए जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए। ताकि किसी भी स्तर पर मामले में लिप्त कोई दोषी बच न सके। परिजनों ने जिलाधिकारी से मिलकर भी यही मांग दोहराई। सीओ सिटी ने बताया कि परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है और उन्हें समझाया गया है कि मामले से जुड़ा कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद परिवार वाले संतुष्ट होकर लौट गए। इससे पहले हर्षित मिश्रा के परिजनों ने भी यहां पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई थी।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply