दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में आधुनिक तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML) और डेटा साइंस जैसे उभरते क्षेत्रों में नए कोर्स की शुरुआत की जा रही है। जिनमें मुख्य तौर पर बी.टेक. इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस और बीसीए इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग शामिल है। इन कोर्सेज का उद्देश्य स्टूडेंट्स को AI, मशीन लर्निंग, बिग डेटा एनालिटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकों की जानकारी देना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सके। भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होंगे स्टूडेंट्स- कुलपति
इस अवसर पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि आज के डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसी तकनीकें स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, वित्त, साइबर सुरक्षा, स्मार्ट सिटी विकास जैसे अनेक क्षेत्रों में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही हैं। विश्वविद्यालय की ओर से इन पाठ्यक्रमों की शुरुआत विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने और उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार रूपरेखा
उन्होंने आगे कहा कि, इन पाठ्य क्रमों की रूपरेखा उद्योग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, अनुसंधान के अवसर और तकनीकी कौशल प्राप्त होंगे। एक्सपर्ट फैकल्टी, मॉडर्न लेबोरेटरी और उद्योग सहयोग के माध्यम से क्वालिटी एजुकेशन सुनिश्चित की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह पहल न केवल क्षेत्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करेगी, बल्कि युवाओं को डिजिटल युग में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त भी प्रदान करेगी। विश्वविद्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से इन इनोवेटिव कोर्सेज में एडमिशन लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान किया है।

Leave a Reply