छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) विवि अब छात्रों की पढ़ाई के साथ-साथ आमजन की सेहत का ख्याल भी रखेगा। कैंपस के स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज कैंपस में पुनर्वास केंद्र बनेगा। शासन की ओर से इस पुनर्वास केंद्र के लिए 19 करोड़ 73 लाख 83 हजार रुपए को मंजूरी दे दी गई है। पहली किस्त के रुप में 8 करोड़ 12 लाख 88 हजार रुपए को जारी कर दिया गया है। बजट जारी होने के बाद पुनर्वास केंद्र के निर्माण की प्रक्रिया शुरु होगी। पुनर्वास केंद्र में होंगे यह काम न्यूरो पुनर्वास केंद्र में दिमाग, नसों और स्पाइनल कार्ड से जुड़ी बीमारी या चोट के बाद मरीज को फिर से सामान्य जीवन जीने के लिए तैयार किया जाएगा। यहां लकवा, स्पाइनल कार्ड सर्जरी, पैनक्रियाज डिसीज, ट्रामैटिक ब्रेन इंजरी समेत कई बीमारियों का इलाज होगा। इस सेंटर में फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, स्पीच थेरेपी, मानसिक और व्यवहारिक थेरेपी, दर्द प्रबंधन आदि बीमारियों का इलाज होगा। किफायती दरों पर होगा इलाज इस सेंटर की एक बड़ी विशेषता यह होगी कि यहां आम जनता को बहुत ही किफायती दरों पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को सीधा लाभ होगा। इसके अलावा इस केंद्र के बनने के बाद विवि में हेल्थ साइंस की पढ़ाई करने वाले छात्रों को मरीजों की समस्याओं को समझने का एक जरिया मिलेगा। शहर का पहला सेंटर वीसी प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि यह सेंटर शहर का पहला न्यूरो पुनर्वास केंद्र होगा। यहां न्यूरो के मरीजों को बेहतर और उच्च श्रेणी का इलाज दिया जाएगा। इस सेंटर को दिल्ली की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जहां न्यूरो के मरीजों को ठीक किया जा सके।

Leave a Reply