CSJMU में सजी अंतरराष्ट्रीय आर्ट गैलरी:न्यूयॉर्क की आर्टिस्ट ने सिखाए पेंटिंग के गुर, कानपुर के छात्रों को अब अमेरिका में मिलेगा मौका
![]()
CSJMU में सजी अंतरराष्ट्रीय आर्ट गैलरी:न्यूयॉर्क की आर्टिस्ट ने सिखाए पेंटिंग के गुर, कानपुर के छात्रों को अब अमेरिका में मिलेगा मौका
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स में सोमवार को कला और तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘एप्लाइड आर्ट एनुअल एग्जीबिशन’ के दौरान न केवल छात्रों ने अपनी कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई, बल्कि न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी से आए विशेषज्ञों ने उन्हें वैश्विक स्तर पर करियर बनाने के टिप्स भी दिए। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में बताया गया कि कला अब केवल शौक नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार का बड़ा जरिया है। आर्ट थेरेपी से मानसिक स्वास्थ्य का इलाज न्यूयार्क की मशहूर विजुअल आर्टिस्ट पेट्रीशिया मिरांडा ने छात्रों के साथ अपनी कला यात्रा साझा की। उन्होंने एक नई सोच पेश करते हुए बताया कि पेंटिंग और कलाकृतियां केवल देखने के लिए नहीं होतीं, बल्कि ये ‘आर्ट थेरेपी’ के रूप में मानसिक स्वास्थ्य को सुधारने का भी काम करती हैं। उन्होंने अपनी प्रसिद्ध पेंटिंग्स के जरिए समझाया कि कैसे भावनाओं को रंगों के माध्यम से व्यक्त कर तनाव को कम किया जा सकता है। भारतीय कलाकारों के लिए अमेरिका में बड़ी संभावनाएं न्यू जर्सी की मोंटक्लेयर स्टेट यूनिवर्सिटी से आए प्रो. क्रिस्टोफर काजमारेक ने भारत और अमेरिका के कला परिदृश्य की तुलना की। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं में रचनात्मकता की कमी नहीं है, बस उन्हें सही प्लेटफॉर्म की जरूरत है। उन्होंने छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, आईआईटी कानपुर के प्रो. ऋत्विज भौमिक ने छात्रों को ‘फुलब्राइट स्कॉलरशिप’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्र विदेश जाकर पढ़ाई कर सकें।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
