छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में मेगा इंटर्नशिप और प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस ड्राइव में मैनेजमेंट के छात्रों के लिए रोजगार और इंटर्नशिप के बड़े अवसर सामने आए। कार्यक्रम के दौरान 15 प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने लगभग 400 विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया, जिनमें से 140 छात्रों को शॉर्टलिस्ट और चयनित किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य एमबीए और मैनेजमेंट के सभी छात्रों को शत-प्रतिशत प्लेसमेंट और इंटर्नशिप दिलाना है। अमेजन और नायरा समेत 15 कंपनियां पहुंचीं, छात्रों की प्रतिभा को सराहा प्लेसमेंट ड्राइव में देश की नामचीन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें मुख्य रूप से अमेजन डिजिटल, नायरा किचन वेयर, सिग्मा सॉल्यूशंस, डॉल्फिन डेवलपर्स, होटल प्रिसटीन प्राइम हायर, वी ड्रेस और यूनिवर्सल ट्रेड जैसी कंपनियां शामिल रहीं। इसके अलावा आरके देवी, अमन एंड एसोसिएट्स, वर्टिकल डाइमेंशन, श्री लगन, स्टैक और देलमीन फूड्स के प्रतिनिधियों ने भी छात्रों की क्षमताओं को परखा। कंपनी प्रतिनिधियों ने छात्रों के आत्मविश्वास और उनके तकनीकी ज्ञान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए तैयार बताया। निदेशक का भरोसा, हर छात्र को मिलेगी इंटर्नशिप और नौकरी स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के निदेशक प्रो. सुधांशु पांड्या ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग का प्रयास है कि हर विद्यार्थी को बेहतर करियर का मौका मिले। इसके लिए अभी से ही बड़ी कंपनियों को परिसर में आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मैनेजमेंट के छात्रों के लिए इंटर्नशिप करियर का पहला और सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जो उन्हें कॉर्पोरेट जगत की बारीकियों से रूबरू कराता है। कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के लिए भी छात्रों को शॉर्टलिस्ट किया।

Leave a Reply