महोबा में स्वास्थ्य विभाग के फैमिली प्लानिंग लॉजिस्टिक मैनेजर को विजिलेंस टीम खींचकर ले गई। मैनेजर खुद को छुड़ाने के लिए हाथ-पैर झटकता रहा। वह फूट-फूटकर रोने लगा। उसने विजिलेंस अफसरों से माफी मांगी। कहने लगा- भाई हाथ जोड़ रहा हूं, छोड़ दो…। अधिकारियों ने गाली देते हुए कहा- ले चलो इसको। गाड़ी में बिठाओ। मैनेजर पूरी ताकत लगाकर टीम की पकड़ से भागने की कोशिश भी करता रहा। टीम के एक सदस्य ने मैनेजर की बेल्ट पकड़ रखी थी, दूसरा उसे खींचते हुए बोलेरो तक ले गया। मैनेजर ने एक संविदा कर्मचारी से साढ़े तीन लाख की रिश्वत मांगी थी। गुरुवार को पहली किस्त के 2 लाख रुपए लेने के लिए मैनेजर ने कर्मचारी को एक होटल में बुलाया था। जहां वह रंगे हाथों पकड़ा गया। 3 तस्वीरें देखिए…
अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम… आरोप- सीएमओ ने मैनेजर से मिलने को कहा था
हमीरपुर के रहने वाले मेराज मोहम्मद महोबा के पनवाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अकाउंट मैनेजर हैं। उन्होंने बताया, मैंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से कबरई स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र में ट्रांसफर या समायोजन करने को कहा था। जिस पर सीएमओ ने कहा, जाकर जीतेश से मिल लो। जीतेश फैमिली प्लानिंग लॉजिस्टिक मैनेजर है। वह भी संविदा कर्मचारी है और क्लर्क जैसा पद है। मैं जीतेश से मिला तो उन्होंने कहा, 3.5 लाख रुपए दे दो, तुम्हारा काम हो जाएगा। मेराज ने इसकी शिकायत झांसी विजिलेंस के अधिकारियों से की। विजिलेंस ने आरोपी जीतेश को रंगे हाथ पकड़ने का प्लान बनाया। मैनेजर ने कर्मचारी को होटल के बेसमेंट में बुलाया
गुरुवार को मेराज ने जीतेश को फोन किया और कहा, पैसे का इंतजाम हो गया है। कहां आकर देना है? इस पर जीतेश उसे सीएमओ ऑफिस से करीब 5 किमी दूर एक होटल के बेसमेंट में बुलाया। होटल पहुंचने के बाद जैसे ही मेराज ने मैनेजर जीतेश को 2 लाख रुपए दिए, पहले से सादे कपड़ों में तैनात टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए, तो केमिकल के प्रभाव से वे गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को शहर कोतवाली लाया गया। जहां उससे बंद कमरे में गहन पूछताछ की जा रही है। भास्कर पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दे सकते हैं… इस मामले में सीएमओ आसाराम ने सफाई दी है। उन्होंने कहा, मेराज के आरोप बेबुनियाद हैं। मेराज मुझपर जबरन ट्रांसफर करने का दबाव बना रहा था। उन्होंने कहा, पिछले डेढ़ साल से मेरी मेराज से कोई बातचीत नहीं हुई है। उसने मेरे आवास में आकर अभद्रता की थी। तब से मैंने उससे बातचीत नहीं की है। उसके काम में अनियमितता पाए जाने पर ही उसका ट्रांसफर किया गया था। मेराज जिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा रहा है, उसका काम लॉजिस्टिक का है। विजलेंस टीम के प्रभारी बोले- आरोपी को जेल भेजने की तैयारी
विजलेंस टीम के प्रभारी पीयूष पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे जेल भेजने की तैयारी है। इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं, यह भी जांच की जा रही है। —————————– यह खबर भी पढ़ें वरुण गांधी परिवार के साथ PM मोदी से मिले, लोकसभा में टिकट कटने के बाद पहली मुलाकात, अहम जिम्मेदारी मिल सकती है लोकसभा चुनाव में पीलीभीत से टिकट कटने के बाद भाजपा नेता वरुण गांधी ने पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात की। उनकी पत्नी यामिनी और बेटी अनुसूया भी साथ रहीं। सूत्रों के मुताबिक, वरुण ने देश के मौजूदा हालात पर पीएम से चर्चा की। उनका मार्गदर्शन लिया। पीएम ने भी वरुण और उनकी पत्नी से हालचाल पूछा और बेटी को दुलारा। पढ़िए पूरी खबर…

Leave a Reply