अररिया में शूटर ने कंफ्यूजन में 25 साल की BPSC टीचर की हत्या की थी। शुक्रवार को पुलिस ने 2 शूटर्स को गिरफ्तार करते हुए शिवानी हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता फारबिसगंज की हुस्न आरा है। उसने अपने पति की गर्लफ्रेंड को मारने के लिए 3 लाख रुपए में शूटर हायर किए थे। इसके लिए उसने राजा और छोटू नाम के 2 लोगों को हायर किया था। अपराधियों ने पहले शिक्षिका की रेकी की थी। हालांकि, जिस दिन घटना हुई, वो टीचर छुट्टी पर थी। चूंकि दोनों टीचर एक ही रास्ते से स्कूटी पर आती थीं, अपराधियों ने गलती से शिवानी वर्मा को निशाना बना लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। शिवानी और दूसरी टीचर दोनों की स्कूटी का रंग लाल था। इसी कंफ्यूजन में शूटर्स ने शिवानी को मार दिया। पुलिस ने 2 शूटर्स मोहम्मद मारूफ और मोहम्मद सोहैल को गिरफ्तार किया है। हत्या में इस्तेमाल की गई एफजेड बाइक, एक देसी कट्टा और अपराधियों के कपड़े भी बरामद किए गए हैं। 3 दिसंबर को BPSC शिक्षिका शिवानी वर्मा (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उत्तर प्रदेश की मूल निवासी शिवानी स्कूल जा रही थीं, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गर्दन में गोली मार दी। मर्डर के बाद CCTV में भागते दिखे अपराधी अररिया SP अंजनी कुमार ने बताया, शिवानी की बहन ने आशंका जताई थी कि स्कूल के टीचर ने हत्या की है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। सीसीटीवी के आधार पर एक अपराधी की तस्वीर मिली। आसपास के लोगों से उसकी पहचान कराई गई। इसके बाद दूसरे अपराधी को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने अपराध स्वीकार किया है। दोनों ने बताया कि उन्हें किसी दूसरी टीचर की हत्या करनी थी। जनता इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक की पत्नी को शक था कि एक टीचर से पति का अफेयर है। अपराधी उसे मारना चाहते थे। SP ने आगे बताया, दूसरी टीचर की लोकेशन अपराधियों को मारने के लिए दी गई थी। अपराधी पहले से इंतजार कर रहे थे। उन्हें लगा कि ये वही टीचर है जिसकी हत्या करनी है। दोनों ने गलती से शिवानी को मार दिया। एक अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारी बाइक से दोनों ने हत्याकांड को अंजाम दिया था। लाइनर और सेटिंग का काम करने वालों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। हुस्न आरा समेत दोनों शूटर्स को जेल भेजा जा रहा है। शिवानी की बहन ने जिस टीचर पर हत्या का आरोप लगाया है उसकी भी हमने जांच की। पता चला कि उसका इस हत्याकांड से कोई लेना देना नहीं है। अपराधियों में एक रामपुर दक्षिण का मुखिया प्रतिनिधि का भतीजा है। मुखिया प्रतिनिधि का केस से क्या कनेक्शन है इसकी भी जांच कर रहे हैं। सभी अपराधियों का पुराना कनेक्शन भी खंगाल रहे हैं। बहन ने स्कूल के टीचर पर लगाया था हत्या का आरोप शिवानी की बड़ी बहन जूली ने बताया था कि, ‘2023 में हम तीन बहनों का TRE-1 में एग्जाम क्लियर हुआ था। इसी दौरान मुझे पटना, दूसरे नंबर वाली बहन ज्योति को समस्तीपुर और तीसरे नंबर पर शिवानी थी। इसकी अररिया में 2 साल पहले पोस्टिंग हुई थी। हम तीनों बहनें अक्सर एक-दूसरे मिलने रविवार को आ जाते थे। वो हर बात हम दोनों बहनों से शेयर करती थी। उसे UPSC निकालना था, इसलिए स्कूल के बाद वो उसकी तैयारी करती थी। साल 2023 में जब शिवानी इस स्कूल में आई तो यहां पर मौजूद रंजीत नाम के टीचर ने उसे प्रपोज किया, लेकिन शिवानी ने उसे उसी समय मना कर दिया था। शिवानी ने रंजीत से कहा, मैं UPSC क्लियर करना चाहती थी। अभी मुझे पढ़ना है, शादी के लिए बहुत टाइम है। इसके बावजूद रंजीत नहीं समझा। वो स्कूल में हर दिन शिवानी से किसी न किसी बहाने से बात करता था। ये सिलसिला करीब 1 साल तक चला, इसके बाद रंजीत ने अभी से कुछ महीने पहले दूसरी लड़की से शादी कर ली। 2-3 महीने तक वो ठीक रहा। इसके बाद फिर से वो वही हरकतें करना शुरू कर दिया था। शिवानी को तंग करने के लिए वो कभी बाइक से उसपर धूल उड़ाया करता था, तो कभी कुछ और हरकतें करता था।’ रीजैक्शन बरदाश्त नहीं हुआ, इसलिए करवा दी हत्या बहन ने आगे बताया था कि, रंजीत को रीजैक्शन बरदाश्त नहीं हुआ होगा, इसलिए उसने मेरी बहन की हत्या की है। रंजीत को लगा होगा कि उसपर शक नहीं जाएगा, क्योंकि वो अब शादीशुदा हो गया है, लेकिन उसने ही मेरी बहन को मार डाला है। इसमें मेरी बहन के स्कूल के प्रिंसिपल उमेश कुशवाहा का भी हाथ है। जब हमलोगों ने रंजीत के बारे में उन्हें शिकायत की तो वो उसे बचाते नजर आए थे। उन्होंने रंजीत के बारे में थाने में शिकायत करवाने से भी रोक दिया था। प्रिंसिपल भी करवा सकते हैं मेरी बहन का मर्डर बहन ने आगे बताया, कुछ दिनों पहले मेरी बहन ने प्रिंसिपल से SL (स्पेशल लीव) मांगी थी, लेकिन उन्होंने देने से मना कर दिया था। उनका कहना था ये सभी को नहीं मिलता है। इस मामले को लेकर हम लोग DEO के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे। इसको लेकर प्रिंसिपल को DEO ने फटकार भी लगाया था। ये मामला मीडिया में भी आया था। इस वजह से हेडमास्टर के इमेज पर धक्का भी लगा था। इसका बदला लेने के लिए वो भी मेरी बहन की हत्या करवा सकते हैं। 7 महीने से उसके घर ना कोई लड़का आया ना लड़की शिवानी की लैंडलॉर्ड वीणा देवी ने बताया, मई 2025 से वो हमारे यहां रेंट पर रह रही थी। उसका स्कूल यहां से 4KM दूर था। जहां पर वो पहले रहती थी, वो उसके स्कूल से करीब 10KM दूर पड़ता था। इसी वजह से उसने रूम चेंज किया था। 7 महीने से हम लोग उसे देख रहे हैं। वो सुबह 8.30 बजे स्कूल जाने के लिए निकलती थी। हम लोगों को अच्छे से राधे-राधे बोलकर जाती थी। इसके बाद शाम 5 बजे वो घर आ जाती थी। फिर वो घर से कहीं बाहर नहीं निकलती थी। फोन पर ज्यादा बात भी नहीं करती थी वीणा देवी ने आगे बताया, कभी-कभी मैं उसे अपने यहां खाने पर बुलाती थी। इसपर वो कहती थी, आंटी आप लोग ब्राह्मण हैं। वृंदावन से दीक्षा लिए हुए हैं। आप लोगों से काम नहीं करवाऊंगी। वो बहुत ही अच्छी लड़की थी। किसी से फोन पर भी बात नहीं करती थी। स्कूल से आने के बाद वो खाना खाकर पढ़ने के लिए बैठ जाती थी। हर दिन हम लोगों से बात करती थी मकान मालिक मधुकांत मलिक ने बताया, हम पति-पत्नी हर दिन दुकान पर बैठे रहते थे जब वो स्कूल से वापस आया करती थी। हमेशा राधे-राधे अंकल कहकर 10 मिनट तक हमसे बात करती थी। इसके बाद अपने रूम पर जाती और खाना खाकर पढ़ने बैठ जाया करती थी। बुधवार को हमारी मुलाकात शिवानी की बड़ी बहन जूली से हुई। वो सदर अस्पताल में अपनी बहन की बॉडी लेने आई थी। हत्या के विरोध में लोगों ने निकाला था कैंडिल मार्च जिला पार्षद सबा ने बताया, 3 दिसंबर को अररिया में BPSC महिला टीचर की हत्या हो गई। हम सारी महिलाएं-पुरुष इसको लेकर कैंडिल मार्च निकाल रहे हैं। हमारी सरकार से यही मांग है कि हत्यारे को फांसी की सजा दी जाए। क्योंकि अगर इन्हें सजा नहीं मिली तो हम भी कभी अब यहां पर सेफ फील नहीं कर पाएंगे। बता दें कि बुधवार की सुबह करीब 8:30 बजे शिवानी स्कूटी से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। खेत में काम रहे किसान सुधीर यादव ने बताया कि वो स्कूटी से जा रही थीं। तभी बाइक से 2 लड़के आए और पास से गोली मार कर भाग गए। गोली लगते ही वो जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद मैंने आसपास के लोगों को बुलाया और सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से अररिया सदर अस्पताल 70 किमी दूर है।
https://ift.tt/kPAqr3O
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply