उन्नाव की पुरवा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अनिल सिंह का नागिन डांस का वीडियो सामने आया है। वीडियो में विधायक कार्यकर्ताओं के साथ डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। कार्यक्रम में ढोलक और मंजीरे की थाप पर विधायक अनिल सिंह मंच के सामने आकर नाचने लगते हैं। इस दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। हालांकि, पड़ताल में यह वीडियो एडिटेड पाया गया है। दरअसल, किसी शरारती तत्व ने मूल वीडियो के ऑडियो के साथ छेड़छाड़ की है। पारंपरिक संगीत को हटाकर उसमें नागिन वाला गाना जोड़ दिया है। वीडियो बीते सोमवार की शाम का है। पुरवा मंडल स्थित सूर्य प्रताप सिंह डिग्री कॉलेज में भारतीय जनता पार्टी का ‘मंडल प्रशिक्षण महाभियान’ आयोजित किया गया था। इस शिविर के दौरान एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ, जिसमें पारंपरिक ‘फाग’ का आयोजन किया गया था। विधायक अनिल सिंह पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन के लिए उनके साथ ताल से ताल मिलाते हुए थिरक रहे थे। असली वीडियो में स्पष्ट रूप से पारंपरिक वाद्य यंत्रों (ढोलक, मंजीरा) और गायकों द्वारा गाए जा रहे फाग की आवाज सुनी जा सकती है। लेकिन सोशल मीडिया पर असल ऑडियो को म्यूट कर ‘नागिन’ का म्यूजिक लगा दिया गया है। इस प्रशिक्षण शिविर और सांस्कृतिक फाग कार्यक्रम में विधायक अनिल सिंह अकेले नहीं थे। कार्यक्रम स्थल पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि (पुरवा) दीपांशु चौधरी, ब्लॉक प्रमुख (असोहा) आनंद गुप्ता समेत भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और विधायक के समर्थक मौजूद थे।

Leave a Reply