मिर्जापुर की मड़िहान विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने अपने चार साल के कार्यकाल को लेकर दैनिक भास्कर से खास बातचीत की। लगातार दूसरी बार विधायक बने पटेल ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र की “तकदीर और दिशा” दोनों बदली हैं। उन्होंने विकास कार्यों, अधूरी योजनाओं और 2027 के चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। सवाल: पिछले 4 साल के अपने कामकाज को 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब : अगर पूरे 9 साल को मिलाकर देखें तो मड़िहान की तस्वीर बदलने का काम हुआ है। बिजली, सड़क, शिक्षा, पानी और स्वास्थ्य के साथ कानून व्यवस्था में भी बेहतर काम हुआ है। नंबर देना जनता का काम है, हम खुद को नंबर नहीं दे सकते। हमारा प्रयास है कि जनता हमें 10 में 10 नंबर दे। सवाल: सबसे बड़ा काम आपने कौन सा कराया? जवाब: मड़िहान एक जंगली और पहाड़ी क्षेत्र है, जहां कई बड़े काम किए गए हैं। पटेहरा में आईटीआई की स्थापना, अग्निशमन केंद्र की स्थापना, 20 सड़कों का चौड़ीकरण और 17 पुलियों का निर्माण कराया गया। सौभाग्य योजना के तहत कई मजरों में पहली बार बिजली पहुंची। मड़िहान स्वास्थ्य केंद्र में 48 लाख रुपए की लागत से एक्स-रे मशीन लगाई गई, जिससे अब लोगों को जिला मुख्यालय या सोनभद्र नहीं जाना पड़ता। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जो आप नहीं करा पाए? जवाब: मैंने वादा किया है कि अहरौरा को तहसील और ब्लॉक का दर्जा दिलाऊंगा। अभी तक यह काम पूरा नहीं हो पाया है। अगर दोबारा मौका मिला तो इसे जरूर पूरा करूंगा। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं? जवाब: पार्टी की अपनी व्यवस्था और नियमावली है। हम पार्टी के सिपाही हैं। 2017 में 28 साल बाद भाजपा को इस सीट पर जीत मिली थी। पहली बार 46 हजार और दूसरी बार 64 हजार वोटों से जीत हासिल हुई। मेरी दावेदारी मजबूत है। सवाल: क्या आपको इस बार टिकट मिलेगा? जवाब: पार्टी सर्वे कराती है और उसी आधार पर निर्णय लेती है। मुझे विश्वास है कि मैं पार्टी के मानकों पर खरा उतरूंगा, लेकिन अंतिम निर्णय नेतृत्व का होता है।

Leave a Reply