फिरोजाबाद से झारखंड स्थित जैन महातीर्थ क्षेत्र श्री सम्मेद शिखर जी के लिए 80 श्रद्धालुओं का एक जत्था शुक्रवार देर शाम रवाना हुआ। यह जत्था पूर्वा एक्सप्रेस से यात्रा पर निकला है। इस धार्मिक यात्रा में फिरोजाबाद और टूंडला के अलावा हाथरस, अलीगढ़, एटा, अवागढ़ और दिल्ली के श्रद्धालु भी शामिल हैं। सभी श्रद्धालु भगवान की आराधना के लिए तीर्थस्थल जा रहे हैं। तीर्थ यात्रा पर जा रहीं नगर पालिका के पास निवासी श्रद्धालु मालती देवी जैन ने बताया कि श्री सम्मेद शिखर जी झारखंड के गिरिडीह जिले में पारसनाथ पहाड़ी पर स्थित जैन धर्म का सबसे पवित्र और सर्वोच्च तीर्थ स्थल है। जैन मान्यताओं के अनुसार, यहां से 24 में से 20 तीर्थंकरों ने मोक्ष प्राप्त किया था। मालती देवी जैन ने यह भी बताया कि देश के सभी तीर्थंकरों की वंदना से प्राप्त पुण्य के बराबर पुण्य यहां एक बार वंदना करने से मिलता है। यह यात्रा पहाड़ों पर 27 से 30 किलोमीटर लंबी है। श्रद्धालु अमित जैन ने जानकारी दी कि वह प्रत्येक वर्ष नि:शुल्क श्रद्धालुओं के जत्थे को श्री सम्मेद शिखर जी की यात्रा कराते हैं। इस वर्ष वह कुल 400 श्रद्धालुओं को लेकर जा रहे हैं, जिनमें यह 80 लोगों का जत्था भी शामिल है। इस जत्थे में अनिज जैन जंडेल, राहुल जैन अवागढ़, आर्यन जैन, विनार्षि जैन, प्रिंस जैन और सचिन जैन जैसे अन्य श्रद्धालु भी शामिल हैं।

Leave a Reply