आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ नगर में मंगलवार दोपहर को घर के बाहर से लापता हुई 8 साल की बच्ची की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। बच्ची का शव उसके घर में ही रहने वाले किराएदार के कमरे में कनस्तर में मिला। हत्या के बाद आरोपी बच्ची के परिजनों के साथ उसे तलाश करने का नाटक करता रहा। उसने परिजनों को गुमराज करने का भी प्रयास किया। मगर, पुलिस के स्निफर डॉग बार-बार आरोपी के पास घूमने लगा। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
सिद्धार्थ नगर गोबर चौकी निवासी युवक का जूते का कारखाना है। घर के ठीक सामने ही उनका एक और मकान है। इस मकान के ग्राउंड फ्लोर पर उनका सामान रहता है। घर के ऊपर दो कमरे हैं। इसमें किराएदार सुनील रहता है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार दोपहर 2:00 बजे 8 साल की बेटी कुछ बच्चे आए वह खेलने लगी। काफी देर तक वो दिखाई नहीं दी। पहले परिजनों को लगा कि बेटी ट्यूशन पढ़ने चली गई है। मगर प्रज्ञा 4:30 बजे तक जब लौटकर नहीं आई तो मां को चिंता हुई। उन्होंने आसपास तलाश किया। बाद में टीचर से बात की। उन्होंने बच्ची के घर आने से इनकार कर दिया। पूरे मोहल्ले में तलाश किया
बेटी के नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। कुछ ही देर में मोहल्ले के लोग और पुलिस ने आसपास के इलाके को देखा। सीसीटीवी में दोपहर 2 बजे प्रज्ञा गली के बाहर एक दुकान पर चिप्स का पैकेट लेती है। इसके बाद वापस चली जाती है। वह बाहर की तरफ नहीं निकलती हैं। पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। परिवार के लोग अनहोनी की आशंका से चिंतित थे। आरोपी भी परिजनों के साथ तलाश में जुटा
मृतका के पिता ने बताया कि मंगलवार को वो अपनी बहन की शादी के लिए अंगूठी बनवाने सुनार के पास गए थे। उनके पास फोन पहुंचा कि बड़ी बेटी लापता है। वो तुरंत घर आए। बस्ती के लोग एकत्रित थे। सब बच्ची की तलाश में जुट गए। आरोपी किराएदार सुनील भी उनके साथ बच्ची की तलाश कराने का नाटक करता रहा। वो उनके साथ पुलिस थाने तक गया। मगर, वो थाने के अंदर नहीं गया। पुलिस ने जब बच्ची के गुमशुदगी के पोस्टर चस्पा करने को दिए तब भी आरोपी उनके साथ था। वो पोस्टर चस्पा करने भी साथ गया। डॉग स्क्वायड आया, तब लापता हुआ आरोपी
पुलिस मामले की गंभीरता को समझते हुए बच्ची की तलाश में जुट गई। एसीपी ताज सुरक्षा पीयूष कांत राय के नेतृत्व में 4 टीम बनाई गईं। एक टीम कैमरे देख रही थी। दूसरी टीम को परिजन से बात करने के लिए लगाया गया। तीसरी टीम घरों की तलाशी में लग गई। पुलिस ने मोहल्ले के हर घर की तलाशी ली। इसके बाद डॉग स्कवायड बुलाया गया। स्निफर डॉग पूरे मोहल्ले मे घूमकर वापस आरोपी के घर पर आकर रूक जाता। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर की तलाश भी की। मगर, उस समय उनकी नजर कनस्तर पर नहीं गई थी। पुलिस की बढ़ती छानबीन के चलते आरोपी को अपने पकड़े जाने का शक हुआ तो वो घर पर ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने रात को खोला ताला
आरोपी के बुधवार को अचानक से लापता हो जाने पर परिजनों को भी शक हुआ। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की एक टीम आरोपी के घर पहुंची। ताला तोड़ा। दोबारा घर की तलाशी ली गई। कपड़े से छिपाए गए कनस्तर पर नजर पड़ी। जब कनस्तर खोला तो उसमें बच्ची की लाश बंद थी। गला कटा हुआ था। कपडे़ खून से सने हुए थे। परिजनों का कहना है कि बच्ची अर्धनग्न हालत में थी। बच्ची को देखते ही पिता बेहोश होकर गिर पड़े। चाची बोली- उसके भी टुकडे़ चाहिए
बच्ची की हत्या के बाद परिजन बेसुध हैं। चाची ने कहना है कि पुलिस शव को कनस्तर में बंद करके ले गई। जैसे उसने बच्ची को मारा है, उसको भी ऐसी सजा मिलनी चाहिए। 10 टीमें तलाश में जुटी
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी किराएदार के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए 10 टीमें लगाई गई हैं। पुलिस जल्द ही आरोपी के गिरफ्तार होने की बात कह रही है। गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह का पता चल सकेगा।

Leave a Reply