कानपुर देहात, 25 मार्च 2026। जनपद के 661 निपुण घोषित परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और सहायक अध्यापकों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह राजपुर ब्लॉक स्थित राम प्रकाश पोरवाल महाविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। निपुण सर्वे में कानपुर देहात मंडल में प्रथम और प्रदेश में आठवें स्थान पर रहा है। यह निपुण सम्मान समारोह उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नवनिर्माण के नव वर्ष’ कार्यक्रम के तहत संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा किया गया था, जबकि माध्यमिक शिक्षा विभाग को नोडल बनाया गया था। इस अवसर पर सभी संबंधित विभागों ने अपनी विभागीय योजनाओं के स्टॉल भी लगाए। समारोह की अध्यक्षता कर रहीं भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं सहायक अध्यापकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उन्हें अपने विद्यालय का स्तर बनाए रखने और अगले वर्ष निपुण जनपद की संकल्पना को साकार करने के लिए प्रेरित किया। सचान ने कहा कि आंगनबाड़ी और परिषदीय विद्यालयों के बच्चे ही विकसित भारत की संकल्पना को साकार करेंगे। ब्लॉक प्रमुख राकेश कटियार ने परिषदीय विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं में वृद्धि के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। जिला महामंत्री सत्यम सिंह चौहान ने भाजपा सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों का वर्णन किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि निपुण सर्वे में जनपद का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय सभी एसआरजी, एआरपी और शिक्षकों के योगदान को दिया। इस अवसर पर क्रांतिवीर सिंह, रवीश कटियार, अनिल पोरवाल, डीआईओएस बृज भूषण चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक सिंह, डीसी सौरभ श्रीवास्तव, देवेश धर दुबे, एस एन कटियार, एसआरजी अनन्त त्रिवेदी, सन्त कुमार दीक्षित, अजय कुमार गुप्ता, एआरपी शोमिल कटियार, प्रदीप निरंजन, कुलदीप सैनी, अश्विनी कटियार, अजय वर्मा और मनोज पाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply