दो बच्चों की मां को अपने झांसे में फंसाकर शादी करने के लिए 58 लाख रुपये के लूट की फर्जी कहानी गढ़ने वाले मेरठ के ब्रह्मपुरी सोनर धर्मशाला के पास रहने वाले सराफा कारोबारी अंतिम सोनी को रायपुरवा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब जांच शुरु की तो 58 लाख रुपये की लूट बताने वाले के खाते में मात्र 1710 रुपये मिले, जिसमें से 1500 रुपये उसने किसी शहर आने से पहले किसी से आनलाइन उधार लिए थे। इतना ही नहीं शातिर पहले भी तीन शादियां कर चुका है। शादी डॉट काम के जरिए मिला था, नवरात्र में करनी थी सगाई शहर की दो बच्चों की मां से यह करीब चार माह पहले समाज शादी डाटकाम के जरिए मिला था। नवरात्र में दोनों की सगाई होनी थी। महिला को फंसाने के लिए उसने 65 लाख में फ्लैट खरीदने की बात कही थी। एडवांस के तौर पर 30 लाख रुपये नकद और आठ लाख के जेवरात लेकर शहर आने की बात कही थी। इसके बाद अंतिम सोनी ने उसने सीसामऊ पुलिस को अपने साथ लूट की घटना होने की जानकारी दी थी। पुलिस ने जब घटनास्थल पूछा तो उसने अफीमकोठी पुल के पास बताया जिसके बाद रायपुरवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। बैग 10 मीटर दूर रखकर पीता मिला सिगरेट डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई। जिसमें सर्विलांस,साइबर और क्राइम ब्रांच व थाने की टीम थी। पुलिस टीम ने जांच की तो पता चला कि वह संगम एक्सप्रेस से चार बजकर आठ मिनट पर उतरा था। चार बजकर 21 मिनट पर बाहर निकला। इसके बाद सिगरेट पी इस दौरान उसका बैग सीसीटीवी फुटेज में 10 मीटर दूर रखा दिखा। इससे पुलिस को शक हो गया कि इतनी रकम कोई इस तरह लापरवाही से कैसे छोड़ सकता है। आरोपी ने चार बजकर 56 मिनट पर खुद को अफीम कोठी पर बताया था। सर्विलांस टीम ने जांच की तो वह उस समय पनकी पड़ाव में लोकेशन मिली। पुलिस ने वहां के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो वहां बैग लेकर टहलता नजर आया। आरोपी ने बताया कि बैग से नकदी और जेवरात लूटने के बाद लुटेरे उसे गमछे में बांधकर ले गए थे। पुलिस ने बैग खोला तो कपड़े तह लगे व्यवस्थित मिले शक और गहराने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने महिला को जाल में फंसाने के लिए यह पूरी साजिश रची थी। एडीसीपी अर्चना सिंह ने बताया कि आरोपी ने लुटेरों का जो हुलिया बताया वह महिला के बेटों से मिलता जुलता था। वह महिला की भी तीन ग्राम की चेन ले गया था। उन्होंने बताया कि आरोपित की तलाश इंदौर की क्राइम ब्रांच टीम कर रही है जहां से उसने डेढ़ लाख का लोन फर्जी सोना रखकर ले लिया था। इसके साथ ही मेरठ में जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी ने पीतल पर सोने की परत चढ़ाकर कई लोगों से ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। उसके इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी पर करीब 15 महिलाओं से बातचीत की चैट मिली है। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि फर्जी सूचना देकर लूट का मुकदमा दर्ज कराने वाले अंतिम सोनी को लूट की धारा में आरोपित बनाया गया है। इसके साथ ही फर्जी साक्ष्य गढ़ने की धारा बढ़ाई जाएगी। यह था पूरा प्रकरण मेरठ के बृहमपुरी सोनर की धर्मशाला के रहने वाले अंतिम सोनी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया था, कि 19 मार्च की शाम सात बजे वह मेरठ से संगम ट्रेन से रिश्तेदार के यहां कानपुर रतनलाल नगर के लिए निकले। 20 मार्च के तड़के 4.45 बजे वह ट्रेन से उतरकर घंटाघर चौराहे पहुंचे और वहां से एक ऑटो से रिश्तेदार के घर जाने के लिए निकले। पुलिस को बताया था कि ऑटो में पहली से एक सवारी बनकर लुटेरा पीछे बैठा था। ऑटो चालक उन्हें अफीम कोठी चौराहे पर लेकर पहुंचा और इसके बाद गाली गलौज करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया। आरोपी लुटेरों ने उनकी अटैची का लॉक तोड़कर नकद रुपये और गहने समेत लाखों रुपये का माल लूटा और उन्हें ऑटो से धक्का देकर भाग निकले।

Leave a Reply