सीतापुर के तंबौर थाना क्षेत्र में 17 मार्च को बाइक की डिग्गी से 5.60 लाख रुपये चोरी के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अब आरोपियों तक पहुंचने के करीब बताई जा रही है और संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। यह घटना 17 मार्च की है, जब तंबौर क्षेत्र निवासी आफताब पुत्र मुन्नू अपनी बहन की शादी के लिए दो अलग-अलग बैंकों से नकदी निकालकर घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी बहन की शादी आगामी 12 अप्रैल को तय है, जिसके चलते वह जरूरी खर्च के लिए रकम जुटा रहा था। बैंक से पैसा निकालने के बाद उसने नकदी बाइक की डिग्गी में रख दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि बैंक से ही कुछ संदिग्ध युवक आफताब की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में दो किशोरों द्वारा रेकी करने की बात सामने आई है, जिन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। जब आफताब रास्ते में एक दुकान पर रुककर अंदर गया और अपनी बाइक बाहर खड़ी कर दी, उसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार टप्पेबाजों ने डिग्गी खोलकर 5.60 लाख रुपये पार कर दिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्धों की गतिविधियां सामने आई हैं। पुलिस का कहना है कि यह वारदात किसी संगठित टप्पेबाज गिरोह द्वारा की गई प्रतीत होती है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply