DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

400 वाला पनीर 80 रुपए में–12 हजार KG की डील:बिहार में नकली पनीर की सबसे बड़ी मंडी; एजेंट बोले–जितना चाहिए 3 घंटे में मिलेगा

पटना में बिहार की सबसे बड़ी नकली पनीर की मंडी चल रही है। यहां बिना दूध की एक बूंद के क्विंटल में पनीर तैयार हो रहा है। सब्जी मंडी, रेलवे लाइन के किनारे इन लोगों ने अपना ठिकाना बना रखा। सारा पनीर केमिकल और पावडर से तैयार किया जा रहा है। एक-एक डीलर एक हजार से लेकर पांच हजार किलो तक पनीर तीन घंटे में देने को तैयार है। एजेंट्स का दावा है कि वो झारखंड, पश्चिम बंगाल, नेपाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में यही पनीर सप्लाई करते हैं। एजेंट्स 400 रुपए किलो में बिकने वाला पनीर 80 से 90 रुपए किलो दे रहे हैं। नए साल को देखते हुए अभी से होटल, पार्टी और कैटरिंग के ऑर्डर बुक हो रहे हैं। भास्कर की टीम 5 दिन तक होटल संचालक बनकर पटना की तीन बड़ी मंडियों, प्रोडक्शन पॉइंट्स और सप्लाई रूट पर घूमी। कैमरे पर खुले दावे हुए जितना चाहिए, उतना पनीर बन जाएगा। पुलिस का कोई रिस्क नहीं। उन लोगों को साथ मिलाकर ही हम अपने काम करते हैं। पढ़िए न्यू ईयर से पहले भास्कर का ऑपरेशन सफेद जहर… भास्कर की इन्वेस्टिगेशन टीम सबसे पहले भीड़भाड़ वाली जगह पटना स्टेशन के टाटा पार्क में पहुंची। यहां नकली पनीर की मंडी मिली। जहां लोग प्लास्टिक में लपेटे नकली पनीर लेकर बैठे थे। खरीदार भी आ रहे थे। यहां हमारी सबसे पहली मुलाकात रवि राय से हुई। रवि से हमने होटल संचालक बनकर संपर्क किया। रिपोर्टर: पनीर का रेट क्या है? रवि: कितना चाहिए? रिपोर्टर: 5 बर्थ डे पार्टी, न्यू ईयर की बुकिंग है। इसी के लिए लगभग 1.5 से 2 क्विंटल चाहिए। रवि: हो जाएगा। यहां जितना बोलिएगा, उतना बन जाएगा। तीन घंटे सब तैयार कर देते हैं। रिपोर्टर: कितने रुपए में मिलेगा भाव बताइए.. रवि: वैसे इस मार्केट में 100 से 150 रुपए चल रहा है। एक साथ पेमेंट करेंगे तो 80 रुपए में भी लग जाएगा। रिपोर्टर: ओके। रिपोर्टर: पहुंचाते भी हैं आपलोग रवि: जहां बोलेंगे वहां भेज दिया जाएगा। ऑटो, ट्रेन सबसे जाता है। हम गाड़ी बुक करके भिजवा देते हैं। रिपोर्टर: 400 वाला पनीर 80 रुपए में, कहीं पुलिस का डर तो नहीं है… रवि: नहीं..नहीं, कुछ नहीं होगा। सब मिलजुलकर चलता है। जब माल यहां आसनसोल, कोलकाता, रांची तक चला जाता है, तो पटना में कौन पकड़ लेगा। इसी मंडी में दूसरी मुलाकात राय जी के नाम से चर्चित एक नकली पनीर बनाने वाले कारोबारी से हुई। उसने बताया कि इसमें भी दो क्वालिटी के पनीर हैं। जिसमें पानी की मात्रा अधिक है, और छूने में थोड़ा मुलायम है। इसका भाव कम है, और जो छूने में थोड़ा टाइट है। इसका भाव थोड़ा ज्यादा है। रिपोर्टर: क्या नाम है? कारोबारी: राय जी के नाम से यहां लोग मुझे जानते हैं। आप भी राय जी ही समझिए। रिपोर्टर: आपका पनीर कैसे है? राय जी: 100 रुपए किलो। रिपोर्टर: उधर 90 रुपए है। रिपोर्टर: अगर ज्यादा लेना होगा, तो कुछ कम करेंगे? राय जी: कितना लेना है? रिपोर्टर: डेढ़ क्विंटल राय जी: हो जाएगा। रिपोर्टर: इतना सस्ते में कैसे तैयार कर देते हैं? और कौन लोग लेने आते हैं राय जी: ये सब चक्कर में आप क्यों पड़ रहे हैं, यहां सब पावडर से तैयार होता है। दो से तीन घंटे में कितना भी पनीर बनाया जा सकता है। रिपोर्टर: कोई गड़बड़ी तो नहीं होगी? माल सही मिलेगा? राय जी: देखिए इसमें दो क्वालिटी हैं। एक में पानी अधिक है। क्विंटल में 20kg माल शॉट कर जाएगा। बोलिएगा तो इसमें से दे देंगे। इसका भाव 70 ही लगा देंगे। रिपोर्टर: नहीं… नहीं, सही जो रहे, वो दीजिएगा। राय जी: इसीलिए बोल रहा हूं, 100 रुपए वाला आंख मूंदकर ले जाइए। कोई शिकायत नहीं मिलेगी। रिपोर्टर: होटल वाले, मतलब, बड़े बड़े होटल वाले। राय जी: हां, और क्या, सभी तो यहीं से ले जाते हैं। यहां से वो 150 में ले जाते हैं, और 280, 380 में बेचते हैं। यहां से निकलते भाव इसका बढ़ जाता है। रिपोर्टर: अच्छा तो कौन से होटल वाले आते होंगे? राय जी: जी, मैं खुद इन लोगों को देता हूं। होटल वाले डेली के कस्टमर हैं। सबका नम्बर है। रोज उनलोगों का 5 kg, 10kg जाते रहता है। बड़े होटल के लोग भी यहीं आते हैं। भले ही वो बड़े ब्रांड हैं पनीर सब यहीं का खिला रहे हैं। रिपोर्टर: ठीक है। पटना जंक्शन से निकलने के बाद हमारी टीम अशोकराज पथ में पहुंची। जहां सब्जी मंडी में पनीर बेच रहे एक शख्स से मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान उसने अपनी पहचान राघोपुर दियारा के रहने वाले गोपी राय बताई। गोपी ने दावा किया कि उसका पनीर ट्रेन से आसनसोल तक जाता है। आसनसोल में इस कारोबार के जरिए मकान वगैरह सब बना लिए हैं। रोज पटना से उसके लोग पनीर लेकर आसनसोल, कोलकाता, रांची जाते हैं। वहां भी इसकी सप्लाई होती है। यहां हमने गोपी से होटल कारोबारी बनकर नए साल लिए 3 क्विंटल पनीर की डील की। गोपी राय इतनी बड़ी डील सुनकर एकबार में ही डील पक्की कर दी। रिपोर्टर: पनीर कैसे है? गोपी राय: 200 रुपए किलो रिपोर्टर: बहुत महंगा है। गोपी राय: खुद बनाता हूं। रिपोर्टर: कहां बनाते हैं? गोपी राय: राघोपुर दियारा में मशीन बैठाया हूं। रिपोर्टर: फिर भी इतना महंगा दे रहे हैं। गोपी राय: कितना लेना है? रिपोर्टर: 3 क्विंटल। गोपी राय: हो जाएगा। लेकिन रेट 200 का ही लगेगा। क्योंकि नए साल पर अधिक डिमांड रहता है। भाव भी बढ़ सकता है। एक साथ पेमेंट करोगे तो कुछ कम हो जाएगा। रिपोर्टर: होटल में यह पनीर सही रहेगा न, कहीं पकड़े तो नहीं जाएंगे। गोपी राय: रोज होटल में दे रहा हूं। कोई शिकायत नहीं मिल रही है। 12 बजे तक रोज बड़े होटल्स में यही पनीर पहुंचाता हूं। रोज वो लोग लेते हैं। रिपोर्टर: अच्छा और कहां–कहां ले जाते हैं? गोपी राय: यहां का छोड़िए। मेरा माल रोज आसनसोल, रांची भी जाता है। सब ट्रेन से सप्लाई करते हैं, कहीं कोई नहीं पकड़ता। साउथ बिहार एक्सप्रेस में रोज लोड करते हैं और आसनसोल जाता है। वहां भी हम लोगों ने अपना मकान बना लिया है। रिपोर्टर: बाहर भेजना होगा, तो आप अरेंज करवा देंगे। गोपी राय: सब हो जाएगा। आपको कहां चाहिए, कितना चाहिए। सब डिलीवर कर दिया जाएगा। बस पैसा सही मिलना चाहिए। हमारी मुलाकात कंकड़बाग में राघोपुर के रहने वाले निरंजन से हुई। निरंजन से हमने होटल कारोबारी बनकर डील फाइनल की। उसने हमें 100 रुपए किलो में पनीर देने की बात कही। साथ ही दावा किया कि जितनी भी क्वांटिटी चाहिए हो जाइएगी। रिपोर्टर: पनीर खरीदना है, थोक के भाव में चाहिए। निरंजन: जितना बोलिएगा, उतना दे देंगे। रिपोर्टर: मुझे होटल के लिए रोज 35 से 40 किलो चाहिए होता है। नए साल पर 2 क्विंटल चाहिए। निरंजन: मिल जाएगा। जहां बोलिएगा, वहां पहुंचा भी देंगे। रोज पहुंचाते ही हैं। आपका भी पहुंचा देंगे। 100 रुपए का भाव लगेगा। नए साल पर कुछ बढ़ सकता है। रिपोर्टर: बोरिंग रोड लाना होगा, कोई परेशानी तो नहीं होगी। निरंजन: रोज सुबह 8 बजे लाकर देते हैं। कुछ एडवांस दे दीजिए। पैसा रहेगा तो बुकिंग पक्की मानी जाती है। अब जानिए ये पनीर बनाया कैसे जा रहा है… 40 मिनट में तैयार हो रहा 1 क्विंटल नकली पनीर पड़ताल के दौरान हम पटना जंक्शन से सटी मंडी में पहुंचे। यहां जनता डेयरी के नाम से कॉर्नर पर दुकान मिली। जिसमें बहुत सारे केमिकल और पाउडर रखे थे। दुकान के पास ही नकली पनीर का प्रोडक्शन चल रहा था। गैस पर बड़ी कड़ाही चढ़ी थी। वर्कर उसमें पाउडर, केमिकल और पानी मिलाकर गर्म कर रहे थे। पानी में उबाल आने के बाद यह केमिकल पूरी तरह से व्हाइट दूध की तरह दिखाई दे रहा था। इसमें पानी और केमिकल मिलाकर गाढ़ा कर रहे थे। इस दौरान बीच-बीच में उसे छान रहे थे। तकरीबन 40 मिनट तक यह प्रोसेस चली। 40 मिनट में 1 क्विंटल पनीर बनकर तैयार हो गया। यहां असली दूध का एक डिब्बा भी नहीं था और पनीर तैयार हो रहा था। पटना के गुलजारबाग, अगमकुंआ शीतला मंदिर (सब्जी मंडी), दिनकर गोलंबर, कंकड़बाग (सब्जी मंडी) में नकली पनीर का कारोबार फल फूल रहा है। बख्तियारपुर, खुसरूपुर, मनेर में भी बनता है नकली पनीर इन्वेस्टिगेशन के दौरान ही हमारी मुलाकात जेपी नाम के एक बिचौलिए से हुई। उसने बताया कि मंडियों में मिलने वाला 80 और 100 रुपए किलो वाला पनीर अधिकतर बख्तियारपुर, खुसरूपुर, राघोपुर और मनेर का होता है। पटना जंक्शन पर भी डेयरी वाले ऐसा पनीर बनाते हैं। यहीं पर फैक्ट्री है। यहां बनता है, और शहर में ऑटो, पिकअप, ट्रेन के जरिए सप्लाई होती है। जैसी डिमांड रहती है, वैसी सप्लाई होती है। होटल प्रोग्राम, शादी के ऑर्डर लोग सीधे देते हैं। पिकअप, ऑटो वगैरह के जरिए माल उन तक पहुंचा दिया जाता है। लीवर डैमेज कर सकता है ये पनीर नकली पनीर तैयार करने के लिए बेकिंग सोडा, पाम ऑयल, मैदा और डिटर्जेंट जैसी चीजों का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं कुछ मिलावट खोर तो पनीर बनाने के लिए कोलतार डाई, यूरिया और सल्फ्यूरिक एसिड तक जैसे खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल करते हैं। ये शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं। नकली पनीर खाने से शरीर को क्या नुकसान पहुंचाता है डिपेंड करता है कि पनीर में किस चीज की मिलावट की गई है। अगर पनीर में हार्मफुल केमिकल मिलाए गए हैं तो सबसे पहले इसका असर हमारे डाइजेशन पर पड़ता है। इससे पेट खराब हो सकता है, डायरिया होना, उल्टी होना और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसके अलावा फूड पॉइजनिंग का भी खतरा रहता है। अगर पनीर में स्टार्च या डिटर्जेंट की मिलावट की गई है, तो स्किन एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। स्टार्च होने की वजह से वेट गेन, डायबिटीज और हार्ट हेल्थ को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं, डिटर्जेंट का यूज हमारे ऑर्गन जैसे किडनी, लीवर को खराब कर सकता है। यूरिया या कार्सिक सोडा जैसे केमिकल वाला पनीर खा लेते हैं तो कैंसर तक होने का खतरा बढ़ जाता है।


https://ift.tt/BS3GJVh

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *