सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुवा में सोमवार देर शाम एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ही घर के कमरे में मिला। बताया जा रहा है कि महिला करीब 36 घंटे से कमरे में बंद थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए। मृतका की पहचान बबली देवी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मृतका के पति इंद्रपाल ने पुलिस को दी। इंद्रपाल के अनुसार, वह मजदूरी करने बाहर गया हुआ था। जब वह वापस घर लौटा तो बच्चों ने बताया कि उनकी मां कहीं दिखाई नहीं दे रही है। इसके बाद परिवार ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर बबली देवी का शव जमीन पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में महिला के गले में साड़ी का फंदा कसा हुआ पाया गया है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने रिश्ते के एक भांजे हरिनाम निवासी लहरपुर पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस अभी हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतका के चारों बच्चे भी घटना को लेकर अनभिज्ञ हैं और किसी प्रकार की स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी बिसवां अमन सिंह और एएसपी आलोक सिंह ने परिजनों से पूछताछ की। सीओ अमन सिंह ने बताया कि मामला अभी संदिग्ध है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। परिजनों द्वारा बताए गए संदिग्ध व्यक्ति हरिनाम की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।

Leave a Reply