भास्कर न्यूज | विभूतिपुर विश्व मृदा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड विभूतिपुर स्थित ई किसान भवन परिसर में किसान जागरूकता अभियान और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता बीएओ धीरज कुमार ने की। जबकि संचालन किसान सलाहकार प्रेमचंद सिंह ने किया। कार्यक्रम का विषय “स्वस्थ शहरों के लिए स्वस्थ मिट्टी” रखा गया था। इसके तहत किसानों को मिट्टी के स्वास्थ्य और शहरी पर्यावरण पर इसके महत्वपूर्ण प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन सहायक निदेशक रसायन, समस्तीपुर द्वारा किया गया, जिसके निवेदक जिला कृषि पदाधिकारी थे। मौजूद पदाधिकारियों ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ मिट्टी खाद्य सुरक्षा की रीढ़ होने के साथ-साथ जल संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में भी निर्णायक भूमिका निभाती है। कहा कि “जो किसान कराए मिट्टी की जांच, उसके खेतों में नहीं आए किसी प्रकार का आंच। इसीलिए सभी किसानों को मिट्टी जांच करवाना अनिवार्य है। इस अवसर पर 35 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। बीएओ धीरज कुमार ने बताया कि कार्ड में किसानों की जमीन की उर्वरता की स्थिति और पोषक तत्वों की कमी की विस्तृत जानकारी होती है। इस वैज्ञानिक जानकारी के आधार पर किसान संतुलित मात्रा में खाद एवं उर्वरकों का उपयोग कर सकते है। इससे किसानों की उत्पादन लागत कम होती है, फसल की गुणवत्ता में वृद्धि होती है, और मिट्टी की दीर्घकालिक उर्वरता बनी रहती है।
https://ift.tt/rN9i8ZK
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply