कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार दोपहर घर के बाहर से लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची बुधवार सुबह बोरी में बंधी मिली। बच्ची के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की है, जब तीन साल की बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। एक घंटे तक जब वह परिजनों को नहीं दिखी, तो उन्होंने तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता न चलने पर परिजनों ने गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस को सूचना दी। रात भर तलाश जारी रही, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए, तो उन्हें किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर एक बोरे के अंदर बच्चा रोता हुआ मिला। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और बोरा खोलने पर उसमें वही तीन साल की लापता बच्ची मिली। बच्ची गांव से करीब 300 मीटर दूर एक डिग्री कॉलेज के पीछे बोरे में बंधी पड़ी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और बच्ची के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बच्ची को देखते ही उसके पिता ने उसे गले लगा लिया। बच्ची बेसुध थी और उसके सिर व चेहरे पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने बच्ची को परिजनों के साथ मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। इस मामले में गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना मझपुर्वा चौकी प्रभारी विनोद कुमार कश्यप करेंगे। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply