बिछवां थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में ट्रैक्टर की चपेट में आने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। यह घटना रविवार शाम करीब 6 बजे हुई, जिससे परिवार में शोक छा गया। मृतक बच्चे की पहचान भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम वसुआहार निवासी रजित (3) पुत्र बृजपाल के रूप में हुई है। रजित अपनी मां रानी राजपूत के साथ गणेशपुर में अपने मौसा ओमकार पुत्र बालकराम के घर लैंटर की दावत में आया था। शाम करीब 6 बजे रजित घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान ग्रामवासी श्यामपाल पुत्र छोटेलाल ट्रैक्टर लेकर रास्ते से गुजर रहा था। खेलते समय बालक अचानक ट्रैक्टर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी आशीष दुबे ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि दो दिन में यह दूसरी घटना है। इससे एक दिन पहले कुसमरा क्षेत्र में ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आने से एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी।

Leave a Reply