25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, साथी फरार:कानपुर देहात में पुलिस पर फायरिंग, बदमाश सुल्तान के पैर में लगी गोली
![]()
25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, साथी फरार:कानपुर देहात में पुलिस पर फायरिंग, बदमाश सुल्तान के पैर में लगी गोली
कानपुर देहात पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश सुल्तान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह घटना गौराडांडा तिराहे के पास हुई, जहां पुलिस चेकिंग कर रही थी। हालांकि, उसका एक साथी रिजवान अत्ता उर्फ पहलवान अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मुखबिर की सूचना पर भोगनीपुर पुलिस टीम ने गौराडांडा तिराहे के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी बाइक फिसल गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश सुल्तान (24 वर्ष) के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत उपचार के लिए सीएचसी पुखरायां भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उन्नाव के गंगाघाट निवासी सुल्तान के रूप में हुई है। वह लूट, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों में वांछित था। सुल्तान के खिलाफ विभिन्न जिलों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और वह 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी था। पुलिस ने सुल्तान के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, कारतूस, 12,400 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल, पीली धातु के आभूषण के टुकड़े और एक TVS अपाचे बाइक बरामद की है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी रिजवान अत्ता उर्फ पहलवान की तलाश जारी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
