जौनपुर में 24 से 26 मार्च तक शाही किला में तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जनकल्याणकारी गतिविधियां भी आयोजित होंगी। महोत्सव के पहले दिन 24 मार्च को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री/प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम का नोडल अधिकारी परियोजना निदेशक, जिला ग्राम विकास अभिकरण को बनाया गया है, जबकि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट और उप जिलाधिकारी सदर को सौंपी गई है। बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद होगा विवाह सामूहिक विवाह में शामिल प्रत्येक जोड़े का बायोमेट्रिक उपस्थिति सत्यापन कराया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे। सत्यापन के बाद ही पात्र जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम महोत्सव में स्थानीय कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसमें सांस्कृतिक संध्या, शिव तांडव, मां काली नाटक, राम दरबार अयोध्या विग्रह स्वरूप दर्शन और पाई डंडा नृत्य जैसे आकर्षक आयोजन शामिल हैं। व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। कार्यक्रम स्थल पर कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य परीक्षण, बायोमेट्रिक सत्यापन, मंच, भोजन और विद्युत आपूर्ति समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Leave a Reply