फिरोजाबाद। शिकोहाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई में 17 साल से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी डकैत मुन्ना उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है। आरोपी अंतरजनपदीय गैंग का सदस्य है, जिसने वर्ष 2009 में दिनदहाड़े बाजार में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देश पर वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्ना उर्फ राजू पुत्र रसूलबख्श उर्फ फुरकान पठानी निवासी दरी मोहल्ला, कोतवाली इटावा, जनपद इटावा के रूप में हुई है। उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त पिछले करीब 17 वर्षों से गिरफ्तारी से बचने के लिए हरियाणा के फरीदाबाद में अपनी पहचान छिपाकर “राजू” नाम से रह रहा था। वह वहां बिजली मिस्त्री का काम करता था। 24 मार्च 2026 को वह शिकोहाबाद क्षेत्र में अपने एक परिचित से मिलने आया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। पुलिस ने उसे पुराना इटावा रोड स्थित असुआ तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर 20 फरवरी 2009 को शिकोहाबाद के बड़ा बाजार निवासी भगवान दास के घर में घुसकर डकैती की थी। उन्होंने हथियारों के बल पर सोने-चांदी के आभूषण और एक लाइसेंसी डीबीबीएल गन लूट ली थी। इस संबंध में थाना शिकोहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस पहले ही आठ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उनके पास से करीब 2.20 लाख रुपये और लूटी गई गन भी बरामद की जा चुकी है। इस गिरफ्तारी में एसओजी/सर्विलांस प्रभारी प्रेम शंकर पांडेय, उपनिरीक्षक मनमोहन शर्मा और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए इसे एक बड़ी सफलता बताया है।

Leave a Reply