कुशीनगर जिले के विकास भवन सभागार में सोमवार को 17 नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर 20 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। रामकोला विधायक विनय कुमार गौंड और राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य फूल बदन कुशवाहा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने आंगनबाड़ी केंद्रों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ये केंद्र बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सहायिकाओं से निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। अतिथियों ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि जिले में कुल 1339 आंगनबाड़ी सहायिकाओं के चयन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से जारी है। अब तक 5 विकास खंडों में चयन पूरा हो चुका है, जबकि अन्य ब्लॉकों में प्रक्रिया अभी चल रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया को शीघ्र और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जाए। साथ ही, आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply