DniNews.Live

151वें स्थापना वर्ष पर आर्य समाज का भव्य आयोजन:महर्षि दयानंद के जीवन आदर्शों पर जोर, रामनवमी के सात दिवसीय कार्यक्रम का श्रद्धा के साथ समापन

आर्य समाज की स्थापना के 151 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आर्य समाज थापर नगर में आयोजित महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती जीवन गाथा एवं रामनवमी पर्व के सात दिवसीय कार्यक्रम का समापन समारोह अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य सत्य प्रकाश शास्त्री के ब्रह्मात्व में देवयज्ञ से हुई। यज्ञ में श्रीमती ज्योति-मोहित प्रकाश, भावना-कमल कांत, तरु-अनन्य और अर्चना-अरुण यजमान रहे। मुख्य यजमान के जन्मदिवस के अवसर पर विशेष मंत्रों के साथ आहुतियां दी गईं। उपस्थित श्रद्धालुओं ने यज्ञ में भाग लेकर मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम का संयोजन करते हुए राजेश सेठी ने कहा कि महर्षि दयानंद का जीवन वैदिक सिद्धांतों और आदर्श आचरण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि ऋषि जीवन का नियमित स्वाध्याय करते हुए उसे अपने जीवन में उतारें। इस दौरान आर्य जगत की प्रसिद्ध भजनोपदेशिका कविता आर्य ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। “व्यर्थ समय न गंवाओ” और “ऋषि ने जलाई थी जो दिव्य ज्योति” जैसे भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। डॉ. ज्वलंत कुमार शास्त्री ने अपने उद्बोधन में स्वामी दयानंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने वेद धर्म, राष्ट्र धर्म, संस्कृत और हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ गौरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने राजस्थान के राजाओं को वैदिक धर्म में दीक्षित किया और उदयपुर के महाराणा सज्जन सिंह उनके शिष्य बने। समारोह में स्वामी चंद्रदेव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉ. राजीव अग्रवाल और कन्या गुरुकुल नारंगपुर की आचार्या डॉ. रश्मि आर्य को सम्मानित किया गया। डॉ. राकेश एरन ने डॉ. अग्रवाल को आदर्श चिकित्सक बताया, वहीं डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ईमानदारी से कर्तव्य निभाना ही सच्चा धर्म है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. विरोत्तम तोमर ने आर्य समाज की गतिविधियों के विस्तार पर बल दिया। अंत में प्रधान राजेश सेठी ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मनीष शर्मा, अरविंद कुमार, विजय बंसल, विक्रम सौंधी, विकास शर्मा, अमित कांत, प्रीति सेठी, कैलाश सोनी, रविंद्र सिंह, सत्यपाल मैदिरत्ता, कृष्ण कुमार वर्मा सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा। वहीं अशोक सुधाकर, योगेश मुवार, मांगेराम, संजय गुप्ता, सुशील बंसल, चंद्रकांत, यशपाल, सूरज प्रकाश, गीता बंसल और आनंद प्रकाश त्यागी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *