DniNews.Live

13 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, 339 सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र:श्रावस्ती में 3 आंगनवाड़ी केंद्रों का वर्चुअल लोकार्पण भी हुआ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के तहत नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी क्रम में श्रावस्ती जनपद में 13 नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और 339 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हॉल में आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय और मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने किया। इस अवसर पर सभी नवनियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों और आमजन ने देखा। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा जनपद के विकास खंड गिलौला के अंतर्गत विशुनापुर, कोटमुबारकपुर और लखना स्थित तीन आंगनवाड़ी केंद्रों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण भी किया गया।
जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने, बच्चों के साथ स्नेहपूर्ण व्यवहार रखने तथा महिलाओं को उचित मार्गदर्शन देकर समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाने की अपेक्षा की। मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने सभी चयनित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई गई है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी नवचयनित कार्यकत्रियां सेवाभाव से कार्य करते हुए शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम का संचालन स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक राजकुमार त्रिपाठी ने किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *