11 साल के बच्चे का अपहरण, 8 घंटे में बरामद:पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को किया गिरफ्तार, पैर में मारी गोली
![]()
11 साल के बच्चे का अपहरण, 8 घंटे में बरामद:पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को किया गिरफ्तार, पैर में मारी गोली
उन्नाव पुलिस ने 11 साल के बच्चे के अपहरण का 8 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जबकि अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया। यह कार्रवाई एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना बिहार पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:31 बजे थाना बिहार पुलिस को सूचना मिली। थाना पुरवा क्षेत्र के ग्राम बेवल निवासी 11 वर्षीय बालक शिव बालक सीताराम मेमोरियल पब्लिक स्कूल केदारखेड़ा में कक्षा 5 का छात्र है। स्कूल से घर लौटते समय लापता हो गया था। परिजनों ने गांव के ही शिवकुमार कुशवाहा (45) पुत्र चंद्रपाल पर बच्चे को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया। इस मामले में थाना बिहार पर एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में शाम करीब 8 बजे मुखबिर की सूचना पर पुरवा-असोहा मार्ग स्थित पड़वाखेड़ा पावर हाउस के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार व्यक्ति के साथ बच्चा दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का संकेत देने पर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बच्चे को छोड़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी शिवकुमार कुशवाहा के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बच्चे के अपहरण की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी पुरवा भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्वरित कार्रवाई के चलते बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
