मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ मंगलवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय, गौरीगंज परिसर में किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि ने रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) डॉ. रामप्रसाद, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.के. उपाध्याय, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गौरीगंज डॉ. राजीव सौरभ सहित स्वास्थ्य विभाग व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। यह अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर पालिका, पंचायती राज, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा व कृषि विभाग समेत कुल 11 विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग मशीन और एंटी-लार्वा मशीन का प्रदर्शन भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम आशा व एएनएम के माध्यम से घर-घर जाकर बुखार, आईएलआई (इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी) और क्षय रोग के संभावित मरीजों की पहचान करेगी। साथ ही मच्छरों से बचाव, उनके प्रजनन स्थलों के नष्ट करने और वेक्टर सर्वेक्षण का कार्य भी किया जाएगा। नगर निकायों द्वारा शहरी क्षेत्रों में नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण और फॉगिंग कराई जाएगी। वहीं, पंचायती राज व ग्रामीण विकास विभाग स्वच्छता, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे। कृषि विभाग जलभराव की समस्या को खत्म करने पर कार्य करेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण कर उन्हें उचित पोषण उपलब्ध कराएगा और जरूरत पड़ने पर पोषण पुनर्वास केंद्रों में उपचार सुनिश्चित करेगा। अधिकारियों ने बताया कि इस संयुक्त प्रयास से जिले में संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा और आमजन को जागरूक कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply