हरियाणा के पानीपत में गोलगप्पे बेचने वाले 17 साल के अश्वनी के मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ। यह मर्डर महज 10 रुपए के विवाद में हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी अश्वनी की रेहड़ी से गोलगप्पे खाने आए थे। सभी ने गोलगप्पे खाने के बाद उसके पूरे पैसे नहीं दिए। जब उसने 10 रुपए मांगे तो वो भड़क गए। आरोपी बहस करने लगे। इसके थोड़ी देर बाद वो फिर आए और अश्वनी पर चाकुओं से 5 वार कर हत्या कर दी। पानीपत पुलिस की सीआईए यूनिट ने हत्या की पूरी गुत्थी सुलझाते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वहीं, एक अभी फरार है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… पुलिस बोली- फरार आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा डाबर कॉलोनी के रहने वाले केशव और राजेश को इस केस में गिरफ्तार किया गया है। दोनों सगे भाई हैं। इनके आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इन पर पहले बिजलीकर्मी का सिर फोड़ने का मुकदमा दर्ज है। जो फरवरी महीने में चांदनीबाग थाना में दर्ज हुआ था। पुलिस ने कहा कि इनकी निशानदेही पर मोबाइल फोन बरामद किया जाएगा। साथ ही तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी। अश्विनी तड़पता रहा, वीडियो बनाते रहे लोग पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मृतक अश्विनी का शव परिजनों को सौंप दिया। अश्विनी के जीजा नंदकिशोर ने बताया कि उसके साले की जान बच सकती थी, अगर उसे समय रहते इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जाता, लेकिन उन्हें मिली 12 सेकेंड की वीडियो के अनुसार राहगीर अश्विनी को अस्पताल पहुंचाने की बजाय उसकी वीडियो बनाते रहे।

Leave a Reply