हापुड़ में अन्नदाताओं को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी उन्नत तकनीक का उपयोग सिखाया जाएगा। जिले के 90 हजार किसानों को डिजिटल एग्रीकल्चर प्लेटफॉर्म से जोड़ने की योजना है, जिसका उद्देश्य उनकी आय में वृद्धि करना है। जिला कृषि अधिकारी का लखनऊ में प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, और जल्द ही जिले में किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए पहले से ही कई स्तर पर कार्य जारी है, जिसमें उन्नत बीज, सहफसली खेती और आधुनिक कृषि पद्धतियां सहायक सिद्ध हो रही हैं। अब एआई आधारित खेती इस प्रयास को नई गति प्रदान करेगी। सरकार ने कृषि क्षेत्र में एआई को प्राथमिकता देते हुए डिजिटल एग्रीकल्चर प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसान खेती के हर चरण में तकनीक का लाभ उठा सकेंगे, जिससे उत्पादन बढ़ेगा, लागत घटेगी और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि होगी। चरणबद्ध प्रक्रिया से होगी शुरुआत एआई की सहायता से किसान मिट्टी की गुणवत्ता की जांच, फसल की बुवाई का सही समय, मौसम का सटीक पूर्वानुमान, सिंचाई प्रबंधन, कीट और रोग नियंत्रण तथा बेहतर उत्पादन तकनीकों की जानकारी मोबाइल या अन्य डिजिटल उपकरणों पर प्राप्त कर सकेंगे। इससे खेती में जोखिम कम होगा। साथ ही, शिक्षित युवा भी आधुनिक तकनीक और कृषि यंत्रों के संचालन को समझते हुए खेती से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे। जिला कृषि अधिकारी गौरव ने बताया कि उनकी ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। जिले के किसानों को अब खेती में एआई से मदद मिलेगी। इस संबंध में प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि किसानों को एआई का अधिकतम लाभ मिल सके।

Leave a Reply