हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र की इंद्रलोक कॉलोनी में एक लकड़ी व्यापारी के घर दिनदहाड़े चोरी हो गई। चोर लाखों रुपये की नकदी और आभूषण लेकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। दरअसल, यह घटना मंगलवार शाम को हुई, जब लकड़ी व्यापारी कुलदीप गोयल का घर बंद था। कुलदीप गोयल अपनी दुकान पर थे, जबकि उनकी पत्नी मीनू गोयल अपने बेटे सत्यम के साथ चंडी मंदिर दर्शन के लिए गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी के ताले तोड़ दिए। चोर करीब आठ लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। जब मीनू गोयल घर लौटीं, तो उन्होंने अलमारी टूटी हुई और सामान बिखरा हुआ पाया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया- मामले की गहन जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।

Leave a Reply