हापुड़ जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोग जमा हो गए। मोहल्ला आदर्श नगर कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय मोहित अपने परिवार के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात मोहित घर आया और अपने कमरे में चला गया। उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। शुक्रवार दोपहर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर मोहित का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था। आशंका है कि उसने कमरे में अकेले फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply