लखनऊ में सवर्ण मोर्चा ने यूजीसी के नए नियमों के विरोध में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर बुधवार को शंख बजाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इसे काला कानून बताते हुए नारेबाजी की। शंखध्वनि और नारेबाजी के बीच डिप्टी सीएम हाथ जोडे़ पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के पास पहुंचते ही वे कमर तक झुकते हुए हाथ जोड़कर अभिवादन करने लगे। जवाब में सबने उसी तरह प्रणाम किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं कमरे का दरवाजा खोला और सभी को अंदर ले गए। मोर्चा के पदाधिकारियों ने पूछा कि यूजीसी के नए नियम क्यों लाए जा रहे हैं। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि वे खुद सामान्य वर्ग से आते हैं और अपने वर्ग के किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आवास के अंदर बैठाकर काफी देर तक बातचीत की, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया। प्रदर्शन की 3 तस्वीरें… ‘काला कानून की जरूरत क्यों’ बैठक से बाहर आने पर सवर्ण मोर्चा के संयोजक संदीप सिंह, प्रवक्ता पंडित अभिनव नाथ त्रिपाठी और बसंत सिंह बघेल ने बताया कि 50 से अधिक लोगों ने डिप्टी सीएम से मुलाकात की है। मोर्चा में बीजेपी और सरकार में शामिल लोग भी हैं। हम लोग यूजीसी को लेकर लगातार सवाल कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर डिप्टी सीएम से भी बातचीत की है। इस कानून को बीजेपी लेकर आई है। कोर्ट ने भले ही इस पर रोक लगा दी है लेकिन सवाल यह उठता है कि इस तरह के काले कानून को लाने की जरूरत क्यों पड़ी? हमने बिल्कुल स्पष्ट कर दिया कि यह काला कानून किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ‘छात्रों का भविष्य बर्बाद होगा’ संयोजक संदीप सिंह ने कहा कि उच्च शैक्षणिक संस्थानों में सवर्ण समाज को मिटाने के लिए कुचक्र रचा जा रहा है। इसे हम लोग सफल नहीं होने देंगे। जो कह रहे हैं कि किसी छात्र का अहित नहीं होगा तो इसे लेकर क्यों आए हैं? दलित एक्ट का जो प्रावधान है, वह तो चल ही रहा था, यूजीसी के नए नियम क्यों लाए गए हैं? अगर कोई फर्जी मुकदमा लिखवा देगा तो सवर्ण छात्र का जीवन बर्बाद हो जाएगा। इसलिए हम लोग इसका पहले दिन से विरोध कर रहे हैं, जब तक यह काला कानून पूरी तरह से वापस नहीं हो जाएगा, विरोध जारी रहेगा । ‘किसी के साथ अन्याय नहीं होगा’ संदीप ने बताया कि UGC पर हमने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से सवाल किए। इस पर उन्होंने कहा कि वह दिल्ली के नेतृत्व से इस विषय पर बात करेंगे। किसी भी कीमत पर सवर्ण समाज के साथ अन्याय नहीं होगा। हमारी सरकार सभी धर्म और जाति के साथ है। हम स्वयं सामान्य वर्ग से आते हैं। ऐसे में अपने वर्ग के किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। ————— यह खबर भी पढ़िए… इकाना में LSG vs DC का मुकाबला आज, बारिश बेअसर:शुरुआत में तेज गेंदबाजों का जलवा, फिर स्पिनर की पकड़ होगी मजबूत इकाना स्टेडियम में आज आईपीएल सीजन का 5वां मैच खेला जाएगा। मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होगा। मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, लेकिन शहर में रात 12 बजे से सुबह 9 बजे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके चलते क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें मौसम पर टिकी हुई हैं। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply