![]()
हाथरस में सड़क हादसे में डॉक्टर की मौत:ट्रैक्टर ट्रॉला ने बाइक को मारी टक्कर, मुरसान से अपने गांव लौट रहा था
हाथरस में मुरसान सादाबाद रोड पर आज बुधवार शाम को एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक विकास की मौत हो गई। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। विकास, महेंद्र सिंह का पुत्र था और कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव पटाखास का निवासी था। वह एक प्राइवेट पशु चिकित्सक के रूप में कार्यरत था। घटना शाम करीब 6 बजे की है, जब विकास अपनी बाइक से मुरसान से अपने गांव लौट रहा था। मुरसान सादाबाद रोड पर पीछे से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत मुरसान के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे हाथरस रेफर कर दिया गया। हालांकि, हाथरस पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि विकास अविवाहित था। घटना के बाद उसके परिवार के लोगों में कोहराम मच गया।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply